क्षेत्रीय अस्पताल प्रशासन ने स्टाफ बढ़ाकर व्यवस्थाएं कीं दुरुस्तप्रशिक्षुओं की भी ली जाएगी मदद, अतिरिक्त स्टाफ भी किया तैनात
कक्ष में रोजाना इंजेक्शन समेत अन्य कार्यों को लेकर लगती थीं लाइनें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में अब मरीजों को इंजेक्शन समेत अन्य कार्यों के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। स्टाफ की तैनाती सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे वाली शिफ्ट में की है। वहीं, अब आपातकालीन कक्ष में विभिन्न कॉलेजों से आने वाले प्रशिक्षुओं की भी मदद ली जाएगी। हालांकि यह प्रशिक्षु अस्पताल स्टाफ की देखरेख में ही कार्य करेंगे। इससे आपातकालीन कक्ष और टीकाकरण कक्ष में व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जाएंगी और मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अभी तक तीन शिफ्टों में कम स्टाफ होने के कारण काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। कई बार ऐसा होता है कि स्टाफ नर्स एक समय पर एक ही कार्य कर पाती थी, लेकिन अतिरिक्त स्टाफ नर्स की तैनाती होने से अब इस प्रकार की दिक्कतें पेश नहीं आएंगी। इंजेक्शन कार्य और कक्ष में अलग-अलग स्टाफ नर्स होगी। इससे कार्य भी जल्द हो जाएगा।
गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल जिला का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर सोलन ही नहीं बल्कि जिला शिमला और सिरमौर से भी मरीज आपात स्थिति में आते हैं। वहीं, टीकाकरण कक्ष में भी मरीजों की सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे के बीच में कतारें लगी रहती हैं। कोई इमरजेंसी केस आ जाए तो काफी परेशानी होती थी। इसे देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ की जरूरत आपातकालीन कक्ष में हो रही थी। अब यहां पर इस शिफ्ट में अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर दिया है।
इनसेट
आपातकालीन कक्ष में स्टाफ की किल्लत को पूरा कर दिया गया है। दिन में अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर दिया गया। इससे इमरजेंसी केस के दौरान कोई दिक्कत पेश नहीं आएगी। इसी के साथ टीकाकरण कक्ष में भी मरीजों को टीका लगवाने के लिए कतार में नहीं लगना पड़ेगा।
-डॉ. संदीप जैन, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल, सोलन