स्वास्थ्य विभाग ने एनसीसी बटालियन प्रभारियों के साथ की बैठकें
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे टीबी के मरीज, जांच में सामने आए कई रोगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश में चल रहे क्षय रोग (टीबी) मुक्त अभियान को तेज करने के लिए अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए जा रहे टीबी कैंप में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स को भी जोड़ा जाएगा। विभाग की ओर से लगाए जा रहे टीबी कैंपों से पहले अब एनसीसी कैडेट्स लोगोंं को जागरूक करने का काम करेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसका मुख्य उद्देश्य टीबी मुक्त अभियान को तेज करना और प्रदेश को क्षय रोग से मुक्त करना है।
स्वास्थ्य विभाग ने एनसीसी बटालियन के प्रभारियों के साथ बैठकें कर इसकी योजना तैयार की है। एनसीसी कैडेट्स प्रदेश भर में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर जागरूकता शिविरों का आयोजन करेंगे। लोगों को टीबी की जानकारी से अवगत कराया जाएगा। उन्हें विभाग के टीबी मुक्त अभियान और शिविरों में जाकर टीबी जांच करवाने के लिए जागरूक किया जाएगा। वहीं प्रदेश भर में विभाग की ओर से लगाए जा रहे शिविरों में जांच के बाद कई लोगों में टीबी पाया जा रहा है। उन मरीजों को सरकारी अस्पतालों के साथ जोड़ा जा रहा है और उपचार शुरू किया जा रहा है। वहीं जरूरतमंद मरीजों को निक्षय किट भी वितरित की जा रही हैं।
इनसेट
जिला सोलन में सबसे कम मरीज
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिला सोलन में टीबी के सबसे कम मरीज हैं। विभाग की ओर से मरीजों को निक्षय किट दी जा रही हैं। जिले में अभी करीब 1300 के करीब मरीज हैं। हर साल टीबी के 2000 मरीज सामने आ रहे हैं।
इनसेट
पंचायतों के प्रधान भी करेंगे जागरूक
प्रदेश में पंचायतों के लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने के लिए पंचायत प्रधान भी आगे आकर विभाग का सहयोग करेंगे। विभाग की ओर से पंचायत में लगाए जाने वाले शिविरों में लोगों को जागरूक करने का काम प्रधानों व अन्य जनप्रतिनिधियों को सौंपा जाएगा।
कोट
लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने और शिविरों में उनकी संख्या बढ़ाने के लिए एनसीसी कैडेट्स भी विभाग का सहयोग करेंगे। इसके लिए एनसीसी बटालियन के प्रभारियों के साथ बैठकें हो चुकी हैं। वहीं विभाग जल्द ही इनके साथ मिलकर जागरूक करने का काम शुरू करेगा।
- डॉ. अजय पाठक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग सोलन