गर्भवती महिलाओं को बाजार से महंगे दाम पर करनी पड़ रही खरीद
चार माह से बार-बार हो रहे टेंडर रद्द, कई बार भेज चुके हैं मांग
अस्पताल में रोजाना कई मरीजों को लिखी जाती है कैल्शियम की दवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में कैल्शियम की दवाओं का स्टॉक खत्म हो गया है। अस्पताल को कई बार मांग भेजने के बाद भी कैल्शियम की दवाओं का स्टॉक नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में दवा लेने के लिए अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को डॉक्टरों की ओर से कैल्शियम की दवा लिखी जा रही है, तो उन्हें बाजार से महंगे दामों पर दवा की खरीद करनी पड़ रही है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से बीते चार महीने में कई बाद दवा के लिए टेंडर भेजे गए हैं, लेकिन बार-बार रद्द हो रहे हैं। ऐसे में अस्पताल के वार्ड में उपचाराधीन गर्भवती महिलाओं के लिए प्रशासन को अपने स्तर पर दवाओं की खरीद करनी पड़ रही है। गर्भवती महिलाओं के अलावा हड्डी रोग के मरीजों को भी इस दवा के लिए लिखा जाता है। पहले मरीजों को आपातकालीन स्टॉक से दवा दी जा रही थी, लेकिन वह भी समाप्त हो गया है। मरीजों को बाहर की निजी दुकानों से 10 गोलियों का पत्ता 150 से 200 रुपये में खरीदना पड़ रहा है। दवा न मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले उन गरीब मरीजों को हो रही है, जिनके पास निजी दुकानों से महंगी दवाएं खरीदने के पैसे नहीं हैं।
कोट
अस्पताल प्रशासन बार-बार दवाएं न मिलने के बाद भी मांग भेज रहा है। इस बारे में कई बार रिमाइंडर भी भेजा गया है। अस्पताल में दवाएं न पहुंचने की कोई सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। प्रशासन की ओर से अस्पताल के वार्ड में उपचाराधीन गर्भवती महिलाओं के लिए अपने स्तर पर दवाएं खरीदी जा रही हैं।
- डॉ. राकेश पंवार
चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन