रोजाना होते हैं 20 से 25 छोटे-बड़े ऑपरेशन
चिकित्सक कई दिन पहले दे देते हैं ऑपरेशन की मरीजों को डेट
चिकित्सक के न होने पर दूरदराज क्षेत्र मरीजों को आती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में एक ही एनेस्थीसिया चिकित्सक हैं। ऐसे में मरीजों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। अगर चिकित्सक छुट्टी हो तो ऑपरेशन टालने पड़ते हैं। रोजाना अस्पताल में 20 से 25 छोटे-बड़े ऑपरेशन होते हैं। इसके अलावा आपातस्थिति मरीजों के ऑपरेशन होते हैं, लेकिन एक ही चिकित्सक होने से ऑपरेशन में भी बाधाएं पेश आ रही हैं। चिकित्सक के न होने पर आपातस्थिति में होने वाले ऑपरेशन को रेफर करना पड़ता है। मरीज को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला भेजा जाता है। जब तक मरीज आईजीएमसी न पहुंच जाए तब तक मरीज की जान पर आफत बनी रहती है।
वहीं, रेफर होने के बाद मरीज के साथ-साथ तीमारदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है और जेब पर भी बोझ बढ़ जाता है। दूसरी ओर अस्पताल में चिकित्सक एक माह पहले ही ऑपरेशन की डेट दे देते हैं। अगर उस दिन एनेस्थीसिया चिकित्सक छुट्टी पर हो तो मरीजों को फिर अस्पताल में चक्कर काटने पड़ते हैं। दूरदराज क्षेत्र से उस तिथि पर ऑपरेशन करवाने वालों को समस्या का सामना करना पड़ता है और बिना ऑपरेशन के ही वापस जाना पड़ता है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कई बार समस्या के बारे में उच्चाधिकारियों को बताया गया है। उच्चाधिकारियों के साथ पत्राचार भी किया है, लेकिन अतिरिक्त एनेस्थीसिया चिकित्सक की तैनाती नहीं जा रही है। चिकित्सक की तैनाती न होने का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल में सोलन, शिमला और सिरमौर क्षेत्र से मरीज उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल में सर्जरी, नेत्र, ईएनटी और स्त्री रोग विशेषज्ञ तैनात हैं। उपचार के दौरान मरीजों को ऑपरेशन करवाने की भी चिकित्सक सलाह देते हैं। अगर मरीज ऑपरेशन करवाने के लिए तैयार हो जाता है तो उसे पहले डेट दी जाती है। सर्जरी के अधिक ऑपरेशन होने से मरीजों को एक माह का भी इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल में दो एनेस्थीसिया चिकित्सक की जरूरत बढ़ती जा रही है।
इनसेट
मरीजाें को फिर लेनी पड़ती है डेट
एनेस्थीसिया चिकित्सक के छुट्टी पर होने पर मरीज को फिर कई बार ऑपरेशन की डेट लेनी पड़ती है। कई बार मरीजों के साथ ऐसा भी हो चुका है कि दोनों बार चिकित्सक छुट्टी पर थे। इसके बाद फिर तीसरी बार मरीज ने ऑपरेशन की डेट ली और ऑपरेशन करवाया। वहीं, बिना एनेस्थीसिया चिकित्सक के ऑपरेशन करना भी संभव नहीं होता। बुधवार को भी चिकित्सक छुट्टी पर थे। ऐसे में ऑपरेशन करवाने आए मरीजों को दिक्कतें आईं। मरीज अगली ऑपरेशन की डेट लेकर वापस लौट गए।
इनसेट
अस्पताल में एनेस्थीसिया चिकित्सक एक ही है। एक अन्य की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों के साथ पत्राचार किया है। उम्मीद है कि आगामी दिनों में अस्पताल में एनेस्थीसिया के दो चिकित्सक होंगे और मरीजों के ऑपरेशन भी उसी डेट पर संभव हो सकेंगे।
-डाॅ. राकेश पंवार
चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन