जिले में 26 से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, इन चार दिनों में सभी डॉक्टर रहेंगे ड्यूटी पर
संवाद न्यूज एजेंसी । सोलन
शहर में होने वाले मां शूलिनी मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग का पल्स पोलियो अभियान शुरू हो रहा है। ऐसे में लोगों को परेशानी न हो इसके लिए विभाग की ओर से मेले के दौरान 26 से 30 जून तक डॉक्टरों और पदाधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। विभाग को इस वर्ष केंद्र की ओर से जिलेभर में 83 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य दिया गया है।
विभाग को तीन दिनों के अंदर इस लक्ष्य को पूरा करना है। पोलियो अभियान 28 जून से शुरू होगा और 30 जून तक चलेगा। इसमें पहले दिन जिलेभर में जगह-जगह पर पोलियो बूथ लगाए जाएंगे। रविवार को लगने वाले बूथ में डॉक्टरों का होना जरूरी है, ऐसे में विभाग के डॉक्टरों को विभाग की ओर से निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग की ओर से इन बूथों में डॉक्टरों के साथ आशा वर्कर और अन्य स्टाफ की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। विभाग के कई पदाधिकारी भी अपने आसपास के क्षेत्रों के बूथ में जाकर लोगों को पोलियो ड्रॉप के प्रति जागरूक करेंगे और अपने आसपास के लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए भी कहा जाएगा। अभियान के दूसरे और तीसरे दिन आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी। विभाग को पिछले वर्ष भी केंद्र की ओर से 0 से 5 साल के 83 हजार बच्चों को पोलियो की ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य दिया गया था। विभाग ने तीन दिनों में 90 हजार से अधिक बच्चों को ड्रॉप पिलाकर लक्ष्य पूरा किया था।
कोट
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोलियो अभियान को पूरा करने के लिए पदाधिकारियों और अन्य डॉक्टरों की छुट्टी को रद्द कर दिया गया है। विभाग की कोशिश रहेगी कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी अधिक से अधिक बच्चों तक पोलियो ड्रॉप पिलाई जाए।
डॉ. अजय पाठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग सोलन