विधायक से स्लैब के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। विकास खंड पट्टा महलोग के तहत ग्राम पंचायत गोयला के उप गांव पैंद-बागी के साथ लगते नाले पर पुली का कार्य बजट के अभाव में एक वर्ष से अधर में लटका हुआ है। गांव के लोगों को उम्मीद थी कि पुलिया बनने के बाद बरसात के दिनों में उफान पर रहने वाले खड्ड पर आवागमन सरल हो जाएगा, लेकिन बजट न मिलने पर काम बीच में ही लटक गया।
पंचायत प्रधान मदन लाल वर्मा, वार्ड सदस्य नार देवी ने बताया कि दो वर्ष पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने ग्रामीणों की मांग पर इस पुलिया के लिए 02 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत अप्रैल 2023 में इसका कार्य आरंभ हुआ । पंचायत ने खड्ड के दोनों तरफ पिलर तो बना दिए पर पुलिया बड़ी होने के कारण स्वीकृत बजट कम पड़़ गया। धनराशि कम होने के कारण स्लैब नहीं डाला जा सका।
इस खड्ड के पार 20 परिवारों का बरसात में खड्ड में पानी आने से यातायात संपर्क कट जाता है। खड्ड को पार करना बरसात में जोखिम भरा रहता है। खड्ड पर लगने वाली पुलिया का मुद्दा पंचायत की ओर से समय-समय पर जिला परिषद के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। जिला परिषद की ओर से कार्य को पूर्ण करने की उम्मीद जगी थी लेकिन पर्याप्त फंड के अभाव में अधर में लटक गया। स्वीकृत राशि से आधा ही कार्य हो सका। खड्ड पर अभी 26 फीट लंबी व 12 फीट चौड़ी पुलिया डाली जानी है। कुछ दिनों के पश्चात बरसात शुरू होने वाली है इसलिए ग्रामीणों को चिंता सताने लगी है कि यह खड्ड बरसात में जब उफान पर होती है तो घंटों तक पानी उतरने का इंतजार करना पड़ता है। खड्ड के आरपार खुदाई के कारण इसकी गहराई भी ज्यादा हो गई है जिस कारण यहां से पार करना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण तारा चंद, कृष्ण चंद वर्मा, राजेंद्र कुमार, चंद्रमणि वर्मा, श्याम लाल, हरिचंद, प्यारे लाल, भगवान दास, रामेश्वर गर्ग, सुरेश कुमार गर्ग, राजकुमार, विनय कुमार, देवीलाल ने सीपीएस व विधायक राम कुमार चौधरी से मांग की है कि बचे हुए कार्य के लिए बजट का प्रावधान किया जाए।