जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस पर नगर नियोजन मंत्री रहे मौजूद
पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्कूली बच्चों ने परेड कर दी सलामी
कारगिल शहीद स्मारक पर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित हुआ। यहां पर नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने तिरंगा फहराया। साथ ही पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड समेत स्कूली बच्चों ने परेड कर सलामी दी। इससे पहले कारगिल शहीद स्मारक शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की। इसके बाद वे ठोडो मैदान पहुंचे। तिरंगा फहराने के बाद उन्होंने पुलिस, गृहरक्षा समेत अन्य टुकडियों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं का भविष्य संवारने का कार्य कर रही है। सरकार की ओर से युवाओं के कृत्रिम मेधा, ड्रोन तकनीक डाटा साईंस तथा रॉबोटिक्स जैसे भविष्य के विषयों में दक्ष बनाने के लिए कार्य कर रही है। जिले के नालागढ़, सोलन तथा महिला आईटीआई नालागढ़ समेत प्रदेश के 11 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ड्रोन सेवा तकनीशियन पाठ्यक्रम शुरू है। इस पाठ्यक्रम में 128 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि जिले के अर्की स्थित आईटीआई में फाइबर टू होम तकनीशियन और आईटीआई नालागढ़ में रसायन संयंत्र विषय में मेंटेनेंस मैकेनिक पाठ्यक्रम आरंभ हो गया है।
प्रदेश कौशल विकास परियोजना के तहत प्रदेश के 50 आईटीआई, एक बहुतकनीकी और इंजीनियरिंग महाविद्यालय में मशीनरी व उपकरणों की बढोतरी की जा रही है। इस कार्य पर अब तक 81 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। वाकनाघाट के समीप लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन, आतिथ्य और सूचना प्रोद्यौगिकी के उत्कृष्टता केंद्र का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जिले के व्यवस्थित विकास और आगामी 20 वर्षों में आवश्यकताओं, संसाधनों और संभावनाओं के अनुरूप जिला क्षेत्रीय योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिले के योजनाबद्ध विकास के लिए सात योजना और पांच विशेष क्षेत्र बनाए गए हैं। वहीं, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 3704 नए उद्योग पंजीकृत किए गए हैं। बागवानी क्षेत्र के विस्तार के लिए 1292 करोड़ रुपये की प्रदेश शिवा परियोजना आरंभ की गई है। इस मौके पर
विधायक विनोद सुल्तानपुरी, हरदीप सिंह बावा, नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट
जिम्मेदार नागरिक बनने का किया आग्रह
सोलन। नौणी विवि में 76वां गणतंत्र दिवस पर कुलपति प्रो राजेश्वर सिंह चंदेल द्वारा तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से मौजूद रहे। तिरंगा फहराने के बाद बाद परेड का निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय के 115 एनसीसी कैडेट, 29 एनएसएस वालंटियर और विश्वविद्यालय के 25 सुरक्षाकर्मियों की ओर से मार्चपास्ट किया। इस दौरान कुलपति ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कर्तव्य दायी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। विवि में प्रशिक्षुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संवाद
इनसेट
कसौली विस क्षेत्र में हुए कार्यक्रम
धर्मपुर(सोलन)। 76वें गणतंत्र दिवस पर कसौली तहसील परिसर में उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र पाल सिंह ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में तहसीलदार जगपाल सिंह ने भी मौजूद रहे। इसके अलावा कैंट बोर्ड कसौली में सीईओ हिमांशु सामत, विकास खंड कार्यालय धर्मपुर में बीडीओ प्रवीन कुमार, धर्मपुर में प्रधान वीना गुप्ता, जाबली पंचायत में प्रधान कल्पना गर्ग ने ध्वज फहराया। संवाद
इनसेट
देश के प्रति कर्तव्यों को याद दिलाता है गणतंत्र दिवस
दाड़लाघाट (सोलन)। ग्राम पंचायत दाड़लाघाट में गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान प्रधान बंसी राम भाटिया ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में शिमला जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवेंद्र शर्मा और अजय मेहता भी विशेष रूप से मौजूद रहे। शिमला जिला के सत्र न्यायाधीश ने कहा कि गणतंत्र दिवस अपने देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद दिलाता है और हमें अपने अधिकारों के लिए लडऩे के लिए प्रेरित करता है। इसके अलावा सरयांज में ग्राम विकास समिति पट्टा की ओर से कार्यक्रम किया गया। पंचायत प्रधान रमेश ठाकुर ने वार्ड सदस्यों और ग्रामवासियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। संवाद
इनसेट
मिलिट्री स्कूल में फहराया तिरंगा
चायल(सोलन)। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल में प्रधानाचार्य विमल कुमार गंगवार ने ध्वजारोहण किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि हमें संविधान को बचाना है। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल चायल का एक परिवार है, यह एक संस्था है। जो कि राष्ट्र निर्माण के लिए अपना योगदान देती है। उधर, कंडाघाट विकास खंड में पंचायत स्तर पर भी गणतंत्र दिवस मनाया गया । कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। संवाद
इनसेट
बद्दी में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बद्दी (सोलन)। बद्दी के उपमंडलाधिकारी बद्दी विवेक महाजन ने बद्दी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की। उपमंडलाधिकारी विवेक महाजन ने ध्वज फहराया और आयोजित पुलिस परेड की सलामी ली।सहायक उप निरीक्षक निशांत कुमार ने परेड का नेतृत्व किया। दून के विधायक रामकुमार चौधरीविशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन हम सभी देशवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक दिवस है। 26 जनवरी, 1950 को हमारे देश में संवैधानिक व्यवस्था लागू हुई और हमारा देश विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ था। संवाद
इनसेट
14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र ने निकाली बाइक रैली
सुबाथू(सोलन)। 14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र ने 76वें गणतंत्र दिवस को बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। कार्यक्रम में गोरखा रेजिमेंट और राष्ट्र के अनुशासन, वीरता और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली गतिविधियों की एक श्रृंखला शामिल थी। क्वार्टर गार्ड में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ समारोह की शुरुआत हुई। ब्रिगेडियर पीपी सिंह, एवीएसएम, वीएसएम, कमांडेंट, 14 जीटीसी ने नागरिकों और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के बीच राष्ट्रवाद और देशभक्ति का संदेश फैलाने के लिए बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद सभी अग्निवीर रंगरूटों, आईआरबी प्रशिक्षुओं, सैनिकों और परिवारों के लिए रन फॉर फन का आयोजन किया। बच्चों के लिए भी कई तरह के खेल कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इनसेट
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए कार्यक्रम
कुनिहार(सोलन)। बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार और द एसवीएन पब्लिक स्कूल कुनिहार में 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। बीएल सेंट्रल स्कूल कुनिहार में एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा ध्वजारोहण के पश्चात एनएसएस, एनसीसी और स्काउट एंड गाइड की टुकडियों ने परेड की। वहीं द एसवीएन स्कूल में विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से नुक्कड़ नाटक जोकि नशे पर आधारित था पेश किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया गया। संवाद