फल उद्यान केंद्रों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे बिक्री के लिए उपलब्ध
बारिश के शुरू होते ही कीवी, अनार आदि के पौधे भी मिलेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उद्यान विभाग की उपनिदेशक डॉ. शिवाली ठाकुर ने कहा कि विभाग के पास विभिन्न प्रजातियों के पौधे बिक्री के लिए उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जिले में फलोद्यान केंद्र पट्टा महलोग में नाशपती के बीए-29 के रूट स्टॉक के आठ हजार पौधे, फलोद्यान केंद्र गौड़ा में सब रूट स्टॉक एम-9 टी-337, पाजम-2, बड-9, एमला-9 के 14595 पौधे उपलब्ध हैं। आदर्श पुष्प केंद्र चायल में सेब के रूट स्टॉक एमला-27, पी-2, पी-22, एम-9 एनआईसी 29, र्स्पोटार, एम 7, एमएम 111, एमला-27, एमला-9, एम 9, एम 79 व चैरी के रूट स्टॉक जी-5, जी-6 के 21435 पौधे उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि बागवान स्वयं इन फलोद्यान केंद्रों व आदर्श पुष्प केंद्र में जाकर पौधे खरीद सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष के लिए सेब के 130 से 180 रुपये प्रति पौधा और गुठलीदार फल पौधे 75 से 150 रुपये प्रति पौधा निर्धारित किया गया है। बारिश के शुरू होते ही जिले में बागवानी विभाग की ओर से शीतकालीन पौधे जैसे सेब, आडू, प्लम, बादाम, अनार, कीवी आदि की बिक्री आरंभ कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में छोटे पौधों को घास या टाट से ढककर रखें, लेकिन दक्षिण पूर्व की दिशा धूप व हवा के लिए खुली रखें। पौधों में नियमित हल्की सिंचाई करें ताकि कोहरे के प्रभाव को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि नर्सरी उत्पादक आम, लीची, अमरूद, कटहल आदि की नर्सरी को भाबड़ घास या शेड नेट से ढकना सुनिश्चित करें। पौधों के तनों पर बोर्डोपेस्ट या कॉपर ऑक्सीक्लोराइड का पोस्ट बनाकर लगाना भी सुनिश्चित करें। उपनिदेशक ने बागवानों से आग्रह किया कि पौधों की मांग की जानकारी विभाग को देना सुनिश्चित करें।