डगशाई स्कूल के बच्चे, अध्यापक जान जोखिम में डालकर हाईवे कर रहे पार
लोहे के पिलर खड़े करने का काम पूरा, जल्द लगाई जाएंगी प्लेटें
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कुमारहट्टी के नजदीक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डगशाई के लिए हाईवे पर फुटओवरब्रिज की सुविधा दिसंबर तक मिलने की उम्मीद है। फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है और सड़क के दोनों ओर लोहे के पिलर खड़े कर दिए गए हैं। निर्माण कर रही कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार नवंबर के अंत तक या दिसंबर के पहले सप्ताह में काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
फुटओवरब्रिज बनने से डगशाई के लोगों के साथ-साथ स्कूल के विद्यार्थियों और अध्यापकों को हाईवे पार करने के लिए सड़क पर नहीं चलना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में स्कूल के बच्चों और अध्यापकों को हाईवे पार करना पड़ता है। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। फुट ओवरब्रिज के निर्माण में हो रही देरी को लेकर प्रदेश उच्च न्यायालय ने भी एनएचएआई से जवाब तलब किया था। इसके बाद एनएचएआई ने आरएमसी कंपनी को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उच्च न्यायालय और एनएचएआई के निर्देशों के बाद कंपनी ने मौके पर काम तेज कर दिया है और अब पिलर खड़े करने के बाद फुटओवरब्रिज के लिए फैब्रिकेशन का कार्य जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डीपीआर तैयार करते समय वास्तविक परिस्थितियों का ध्यान रखा जाना चाहिए था। ऐसी ही समस्या सनवारा में भी सामने आ रही है। वहीं धर्मपुर के पड़ाव में भी स्कूल के बच्चों को सड़क पार करके विद्यालय जाना पड़ता है। धर्मपुर और पड़ाव में फुटओवरब्रिज का निर्माण किया गया है, लेकिन डिजाइन सही नहीं होने के कारण अभी तक इनका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है।
आरएमसी कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजेश खत्री ने बताया कि फुटओवरब्रिज के लिए फैब्रिकेशन का काम जारी है। दिसंबर में इसका निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।