सोलन। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण शिविर शुरू करने जा रहा है। इसके लिए संस्थान की ओर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 12 दिवसीय प्रशिक्षण में महिलाओं को बर्गर, पिज्जा, सैंडविच, नूडल्स, पास्ता, वेज रोल, चिली पोटेटो और मोमोज बनाना सिखाया जाएगा। इसके अलावा केक और सिड्डू बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अपना कारोबार शुरू करने की जानकारी दी जाएगी। यूको आरसेटी की ओर से प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाने की सुविधा दी जाएगी। साथ ही प्रशिक्षण सामग्री का खर्च भी संस्थान की ओर से उठाया जाएगा। कोर्स पूरा होने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारियां ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान केवल फास्ट फूड बनाने का प्रशिक्षण ही नहीं दिया जाएगा बल्कि मार्केटिंग, बैंकिंग, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करना और ऋण संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।