आशा वर्कर घर-घर कर रहीं डेंगू लारवा की जांच
तेज बुखार, शरीर में तेज दर्द होने पर करवाएं टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। बरसात के साथ ही डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर परिषद परवाणू और स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। नगर परिषद की ओर से शहर के वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग करवाई जा रही है, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की आशा वर्कर और विशेष टीमें घर-घर, दुकानों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जाकर डेंगू के लारवा की जांच कर रही हैं। इस दौरान कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पानी से भरे बर्तन और कबाड़ जैसी जगहों की विशेष रूप से जांच की जा रही है, जहां मच्छर पनपने की आशंका रहती है। साथ ही लोगों को सप्ताह में कम से कम एक बार कूलरों और अन्य जल पात्रों को खाली कर साफ करने तथा आसपास जलभराव नहीं होने देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. परमिंदर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग आशा वर्करों के माध्यम से लगातार लारवा सर्वे और जन-जागरूकता अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह है कि फिलहाल परवाणू क्षेत्र में डेंगू का एक भी मामला सामने नहीं आया है। हालांकि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, शरीर में दर्द या डेंगू जैसे लक्षण महसूस हों तो वह बिना देरी किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाए तथा चिकित्सकीय परामर्श के बिना कोई दवा न लें।