बैंक संबंधी काम के लिए जाना पड़ रहा मीलों दूर
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। उपमंडल नालागढ़ की पांच पंचायतों के लोगों ने मितियां में बैंक शाखा खोलने की मांग की है। यहां पर बैंक की शाखा न होने से पेंशनर और खाता धारकों को मीलों दूर नालागढ़, नंड या रामशहर जाना पड़ रहा है। इससे उनका आने-जाने में पूरा दिन खराब हो जाता है।
नालागढ़ उपमंडल की मितियां, सरोर, कोईड़ी, रतवाड़ी और पोले द खाला पंचायतों के लोग बैंक सुविधा न होने से परेशान हैं। सबसे ज्यादा परेशान पेंशनर हो रहे हैं। उन्हें पेंशन संबंधी कार्याें के लिए 20 किमी दूर नालागढ़ और 15 किमी रामशहर जाना पड़ता है। काफी समय पहले चारों पंचायतों ने प्रस्ताव पारित करके अग्रणी बैंक प्रबंधक सोलन को भेजा था, वहीं पंचायतों का प्रतिनिधिमंडल भी इस बारे में एलडीएम से मिला।
मितियां की पूर्व प्रधान सुनीता देवी ने भी पांच साल पहले प्रस्ताव एलडीएम को भेजा था। उसके बाद वर्तमान प्रधान गुरदीप सिंह ने भी दो साल पहले प्रस्ताव पारित कर भेजा था। प्रतिनिधि इस मांग को लेकर सोलन में एलडीएम तमन्ना से भी मिले। इसके बावजूद अब तक इस विषय में कोई प्रगति नहीं हुई। जन प्रतिनिधियों का कहना है अब हर व्यक्ति को बैंक से काम पड़ता है। यहां तक कि मनरेगा का पैसा भी बैंक में आता है। ऐसे में लोगों को पैसे लेने और जमा करवाने के लिए भी दिक्कतें आ रही हैं। अब स्कूल में प्रवेश पर भी अभिभावकों से बच्चे का खाता नंबर मांगा जाता है। लोगों को खाता खुलवाने के लिए नालागढ़, नंड या रामशहर जाना पड़ता है जो यहां से 20 किमी की दूरी पर है।
इस बारे में अग्रणी बैंक प्रबंधक सोलन तमन्ना ने बताया कि पंचायतों की ओर से मितियां में बैंक खोलने के लिए आवेदन मिला था। इसे राज्य स्तरीय बैंकर समिति के लिए भेज दिया है। अभी तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते दोबारा स्मरण पत्र भेज रहे हैं।