कार्यालय का ताला तोड़कर घुसे चोर, मशीन, मोटर, तार समेत वित्तीय रिकॉर्ड ले गए
नालागढ़ के राजपुरा स्थित कृषि बेस्ट सीड उद्योग में वारदात
कंपनी संचालकों ने पुलिस से की निष्पक्ष जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के राजपुरा स्थित कृषि बेस्ट सीड प्राइवेट लिमिटेड में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, मामले की शिकायत पुलिस थाना नालागढ़ में दी गई है। कंपनी ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कंपनी के वरिष्ठ लेखाकार रवि कुमार के अनुसार, एक अगस्त की रात अज्ञात चोर कार्यालय-सह-फैक्ट्री परिसर में घुस गए। दो अगस्त की सुबह करीब 10:45 बजे कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला। चोरों ने परिसर में प्रवेश कर कार्यालय का ताला तोड़ा और कीमती सामान के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए।
चोर करीब पांच लाख रुपये नकद, दो एयर कंडीशनर के कॉपर वायर, एक ऑटोक्लेव मशीन, तीन इलेक्ट्रिक वायर कटिंग टूल, तीन वाटर पंप मोटर, लैब की स्टील फिटिंग और अन्य सहायक सामग्री ले गए। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2023-24 के खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी किए गए हैं।
कंपनी ने पुलिस से तत्काल मामला दर्ज कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने और चोरी हुआ नकद, उपकरण व दस्तावेज बरामद करने की मांग की है।