संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ अब रिमोट कार, ड्रोन, रोबोट सहित अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरण तैयार करने के गुर भी सीखेंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छात्र कुनिहार में जिले की पहली टिंकरिंग (रोबोटिक) लैब तैयार की जा रही है। इसका कार्य अंतिम चरण में है। इस लैब का निर्माण 12 लाख की राशि से किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों का बौद्धिक कौशल भी बढ़ेगा।
जानकारी के अनुसार कुनिहार स्कूल के छठी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थी इस लैब में उपकरण तैयार करेंगे। यहां से निखर कर विद्यार्थी भविष्य में इसरो जैसे बड़े वैज्ञानिक संस्थानों में सेवाएं भी दे सकेंगे। यह जिले की पहली लैब है।
बच्चे इस लैब में अपनी बौद्धिक क्षमता के अनुसार उपकरण तैयार करेंगे। उन्हें सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। उसके बाद वे अपने कौशल के अनुसार, उपकरण बनाएंगे। विद्यालय में शिक्षा के साथ साथ बच्चों को बेहतरीन प्रयोगात्मक शिक्षा मिलने से उनका भविष्य निखरेगा।
उधर, स्कूल प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान जब वे विद्यालय आते थे, उस समय बच्चों के लिए अटल टिंकरिंग रोबोटिक लैब बनाने के लिए सोचा और नीति आयोग से इस लैब के लिए बजट का प्रावधान करवाया। जल्द ही इसका शुभारंभ किया जाएगा।