दूसरे चरण में जल्द होगा फिनिशिंग का कार्य शुरू
कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय कलाकारों को मिलेगी सुविधा
शहर के वार्ड-6 में बन रहा है पहला ओपन एयर थियेटर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के जवाहर पार्क में बन रहे ओपन एयर थियेटर का पहला चरण लगभग पूरा हो गया है। इसमें थियेटर में बैठने के लिए सीढि़यां बना दी गई हैं। साथ ही थियेटर की जगह भी तैयार कर ली गई है। अब दूसरे चरण में फिनिशिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। उसके बाद यहां शहर के थियेटर आर्टिस्ट, कॉलेज के विद्यार्थी व अन्य युवा अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। इसमें करीब 250-300 लोगों के लिए बैठने की सुविधा होगी। शहर में ओपन एयर थियेटर अपनी तरह का पहला अनुभव है। खुले आसमान के नीचे लोग एक साथ लोग बैठकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे। थियेटर के बनने से स्थानीय कलाकारों को अधिकतर लाभ पहुंचेगा। शहर में उचित प्लेटफॉर्म नहीं होने के चलते मजबूरन कलाकारों को बाहरी राज्यों में जाना पड़ता है। गौर रहे कि शहर में नगर परिषद के समय साल 2013-14 में ओपन थियेटर, नेशनल फ्लैग और बास्केट बॉल कोर्ट लेकर योजना बनाई गई थी, लेकिन यह योजना वर्तमान तक सिरे नहीं चढ़ पाई। अब निगम के कार्यकाल में इस योजना पर अमल लाया जा रहा है। शहर के वार्ड छह में ओपन एयर थियेटर बनाया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने इसके लिए एक करोड़ रुपये की राशि दी थी।
फिनिशिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा
नगर निगम की महापौर ऊषा शर्मा ने बताया कि जवाहर पार्क में ओपन एयर थियेटर के कार्य का पहला चरण पूरा हो चुका है। इसमें अब फिनिशिंग का कार्य शुरू होगा। जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।
मूवी जैसा मजा ले पाएंगे दर्शक
शहर में ओपन एयर थियेटर बनने से लोग ठीक मूवी जैसा मजा ले पाएंगे। हालांकि, थियेटर में मूवी तो देखने को नहीं मिलेगी, लेकिन थियेटर में स्थानीय कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों को कार्यक्रम का लुत्फ उठाने के लिए टिकट लेना होगा। टिकट के दाम सामान्य ही रखे जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग थियेटर का लाभ उठा सके।