मशीनें, कच्चा और तैयार माल जला
पांच गाड़ियां और 15 कर्मचारियों ने घंटों की मशक्कत से पाया काबू
सुबह 4:09 बजे मिली सूचना, आग के कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
दमकल विभाग की तत्परता से आसपास के उद्योगों को बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत झाड़माजरी में मंगलवार तड़के उद्योग में भीषण आग लग गई। इससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। आग की लपटों ने देखते ही देखते उद्योग के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, हालांकि अग्निशमन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के अन्य उद्योगों तक आग फैलने से रोक ली।
अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना सुबह 4:09 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां और 15 कर्मचारी 8 मिनट में मौके पर पहुंच गए। आग की भयावहता को देखते हुए विभाग ने आग बुझाने का काम शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। हालांकि इससे कंपनी में रखी कई मशीनें और सामान जल गया।
कंपनी के जनरल मैनेजर नीरज त्यागी ने बताया कि आग में ऑटोमेटिक पॉलिशिंग मशीन, प्लेटिंग प्लांट, लेजर मशीन, प्रिंटिंग मशीनें, टेस्टिंग उपकरण, भारी मात्रा में कच्चा माल और तैयार उत्पाद पूरी तरह से जलकर राख हो गए। उन्होंने दावा किया कि आग से कंपनी को लगभग 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
फायर ऑफिसर बद्दी हेम राज ने बताया कि विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के उद्योगों में आग को फैलने नहीं दिया। इससे लगभग 2 करोड़ रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचाया जा सका। उन्होंने कहा कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी कर्मचारी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
बरोटीवाला के झाड़माजरी में उद्योग में लगी आग से जला हुआ सामान। संवाद