शाॅर्ट सर्किट से लगी आग, कंपनी के दो फ्लोर आग से पूरी तरह से जले
घायल कामगारों में से एक की हालत नाजुक, पीजीआई किया रेफर
पुलिस ने कंपनी प्रबंधकों के खिलाफ किया मामला दर्ज, जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र काठा स्थित काईजन फार्मा दवा कंपनी में लगी आग पर आठ घंटे में काबू पाया गया। इस अग्निकांड में कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। प्लांट के दो मंजिल पूरी तरह से जल गए है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। उधर, पुलिस ने कंपनी प्रबंधकों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
जिला फायर अधिकारी राज कुमार ने आग पर मध्यरात्रि 12:00 बजे काबू पा लिया था। प्लांट के चार फ्लोर थे जिसमें दो पूरी तरह से जल गए। सबसे पहले आई ड्रॉप सेक्शन में आग लगी। जिससे आग पूरे प्लांट में फैल गई थी। शॉर्ट सर्किट ही आग लगने का कारण माना जा रहा है। कंपनी से सेट बैक नहीं छोड़ा हुआ था। शीट्स को हेड्रा से तोड़कर पानी डाला गया। दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी दिक्कत हुई। जगह न होने से आग बुझाने का कार्य देरी से शुरू हुआ।
आग से कांगड़ा के दो कामगार बुरी तरह से झुलस गए है। इन दोनों को पहले काफी स्थानीय अस्पताल में भेजा गया लेकिन हालत नाजुक होने पर सेक्टर 32 के लिए रेफर किया गया। इन दोनों कामगारों की हालत नाजुक बनी हुई है। एक कामगार 55 फीसदी तक जल गया है। यह दोनों कामगार आग बुझाते समय झुलसे है।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि कांगड़ा के अभिषेक व सुमित आग से झुलसे हैं। अभिषेक की हालत ज्यादा खराब है। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आग पर मध्य रात्रि 12:00 बजे काबू पा लिया था। सुबह बारिश से आग पूरी तरह से बुझ गई।