कंडाघाट में खुलेगा अग्निशमन केंद्र, जगह देखने के निर्देश
हर पंचायत में स्थापित होगी प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई
स्वास्थ्य मंत्री ने की 20-सूत्रीय समीक्षा समिति की अध्यक्षता
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। चार बार रद्द होने के बाद सोमवार को 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक हुई। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि शी हाट की तर्ज पर सोलन में भी महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद विक्रय करने के लिए व्यवस्थित केंद्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
शांडिल ने कहा कि सिरमौर जिले का शी हाट सभी महिलाओं को नई राह दिखा रहा है। सोलन देश के व्यस्तत्म औद्योगिक एवं परिवहन केंद्रों में से है। ऐसे स्थान पर शी हाट की तर्ज पर महिलाओं के लिए उनके उत्पादों का विपणन केंद्र खुलना सभी के हित में है। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि सोलन-परवाणु राष्ट्रीय राजमार्ग पर केंद्र की स्थापना की संभावनाएं तलाशी जाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग पर कंडाघाट में अग्निशमन केंद्र स्थापित किया जाएगा। उन्होंने इस दिशा में उपायुक्त को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाएं और समयबद्ध सीमा में लक्ष्य पूरे करें। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि जिला में लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए नियमित औचक निरीक्षण सुनिश्चित बनाए जाएं। नालागढ़ उपमंडल की पंचायतों में गत वर्ष आपदा के कारण बेघर हुए लोगों को शीघ्र भूमि उपलब्ध करवाई जाए। वनों में लगने वाली आग की घटनाओं को रोकना सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि इस दिशा में लोगों को जागरूक करें।
डॉ. शांडिल ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और घटते संसाधन सभी के लिए चिंता का विषय हैं। बैठक में अवगत करवाया गया कि मनरेगा के तहत जिले में वर्तमान में कुल 65 हजार जॉब कार्ड सक्रिय हैं। इस वित्त वर्ष में अभी तक 6.79 लाख कार्य दिवस अर्जित कर विभिन्न विकास कार्यों पर 35 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
जिले के प्रत्येक विकास खंड में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई स्थापित की जा रही है। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने विश्वास दिलाया कि उनके निर्देशों का पालन किया जाएगा। गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा दिए सुझावों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में नगर निगम महापौर ऊषा शर्मा, विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।