नए नेत्र रोग विशेषज्ञ के आने के बाद मंगाए जा रहे उपकरण
लगभग एक साल बाद फिर शुरू होंगे ऑपरेशन, वार्ड में साफ सफाई शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में इलाज करवाने वाले मरीजों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अस्पताल में अगले सप्ताह से आंखों के ऑपरेशन दोबारा शुरू करने के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए नए नेत्र रोग विशेषज्ञ की जॉइनिंग करवा दी गई है, और अब ऑपरेशन के लिए जरूरी अत्याधुनिक उपकरण भी मंगवाए जा रहे हैं।
अस्पताल में यह सुविधा दोबारा शुरू होने के बाद स्थानीय मरीजों को अब इलाज और ऑपरेशन के लिए आईजीएमसी शिमला या पीजीआई चंडीगढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। गौर हो कि अस्पताल में आंखों के ऑपरेशन न होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, जिसे अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल में करीब एक साल पहले नेत्र रोग विशेषज्ञ के चले जाने के कारण आंखों के ऑपरेशन पूरी तरह बंद हो गए थे। अब नए डॉक्टर के आने से बंद पड़े नेत्र वार्ड को खुलवाकर वहां साफ-सफाई का काम शुरू करवा दिया गया है। इसके साथ ही, आंखों के ऑपरेशन के लिए मंगवाई जा रही अत्याधुनिक फेको मशीन को कथेड़ में बन रहे नए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में स्थापित किया जाएगा। इस मशीन के आने से मरीजों के मोतियाबिंद जैसी गंभीर बीमारियों के ऑपरेशन भी सोलन में ही आसानी से संभव हो सकेंगे।
अस्पताल में बंद पड़े नेत्र वार्ड को खुलवाकर सफाई करवाई जा रही है। आंखों के मरीज ऑपरेशन करवाने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों की सुविधा के लिए ऑपरेशन के जरूरी उपकरणों को जल्द मंगवाया जा रहा है। उपकरण आते ही अगले हफ्ते से ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे, ताकि मरीजों को भटकना न पड़े और उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में ही पूरी सुविधा मिल सके।
डॉ. वीना नेगी नेत्र रोग विशेषज्ञ, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन