पंचायती राज चुनाव: बसाल में 7:00 बजे से ही पोलिंग बूथ पर उमड़ी भीड़
दोपहर 2:00 बजे तक हुआ 70 फीसदी मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पंचायती राज चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में बसाल पंचायत में लोकतंत्र का एक अनोखा और खूबसूरत रंग देखने को मिला। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और झमाझम बारिश हो रही थी, लेकिन यह खराब मौसम भी मतदाताओं के कदम नहीं डिगा सका। बसाल पंचायत में सुबह ठीक 7:00 बजे जैसे ही मतदान शुरू हुआ, पोलिंग बूथों के बाहर मतदाताओं की कतारें लग गईं।
मौसम की बेरुखी पर ग्रामीणों का उत्साह भारी पड़ता दिखाई दिया। दोपहर 2:00 बजे तक ही पंचायत में रिकॉर्ड 70 फीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका था। सुबह से ही शुरू हुई बारिश के बीच ग्रामीण अपने घरों से रंग-बिरंगे छाते लेकर मतदान केंद्रों की ओर निकल पड़े। इसमें युवा, बुजुर्ग सभी में प्रधान, उपप्रधान और जिला परिषद सदस्य चुनने को लेकर जोश देखा गया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दोपहर होते-होते पोलिंग बूथों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची।
82 वर्षीय लीला देवी ने पेश की मिसाल
धाला गांव की रहने वाली 82 वर्षीय बुजुर्ग लीला देवी आज उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा बन गईं जो खराब मौसम का बहाना बनाकर घरों में दुबके रहे। लाठी के सहारे और अपने पोते शुभम का हाथ थामकर लीला देवी पोलिंग बूथ पहुंचीं। उन्होंने पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाते हुए लीला देवी ने मुस्कुराकर कहा, मैंने अपने जीवन में कभी वोट डालना नहीं छोड़ा। मौसम तो आता-जाता रहता है, लेकिन गांव के विकास के लिए सही उम्मीदवार चुनना सबसे जरूरी है।
कंचन, चंचल, ट्विंकल और शुभम ने पहली बार किया मतदान
इस चुनाव में बसाल पंचायत के नए और युवा मतदाताओं में भी अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे कंचन, चंचल, ट्विंकल और शुभम के चेहरों पर एक अलग ही चमक और जिम्मेदारी का भाव था। वोट डालने के बाद इन युवाओं ने पोलिंग बूथ के बाहर जमकर सेल्फी ली। शुभम और कंचन ने कहा पहली बार वोट देकर हमें अहसास हुआ है कि देश और गांव के लोकतंत्र में हमारा भी योगदान है। हमने शिक्षा और विकास के मुद्दे पर वोट दिया है।
बसाल पंचायत चुनाव के दौरान बारिश के बीच मतदान के लिए जाती महिलाएं। संवाद- फोटो : Archive
बसाल पंचायत चुनाव के दौरान बारिश के बीच मतदान के लिए जाती महिलाएं। संवाद- फोटो : Archive
बसाल पंचायत चुनाव के दौरान बारिश के बीच मतदान के लिए जाती महिलाएं। संवाद- फोटो : Archive
बसाल पंचायत चुनाव के दौरान बारिश के बीच मतदान के लिए जाती महिलाएं। संवाद- फोटो : Archive
बसाल पंचायत चुनाव के दौरान बारिश के बीच मतदान के लिए जाती महिलाएं। संवाद- फोटो : Archive