31 मार्च की क्लोजिंग कर रहे विद्युत बोर्ड ने उपभोक्ताओं को आफत में डाल दिया है। महज एक माह का बिजली का बिल बैलेंस होने पर भी कनेक्शन काटने के फरमान जारी कर दिए हैं। कई स्थानों पर बिना नोटिस के कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। कुलमिलाकर सोलन शहर और आसपास के क्षेत्र में करीब 1800 बिजली के कनेक्शन काटने के आदेश बोर्ड ने जारी किए हैं। इसमें 205 कनेक्शन स्थायी तौर पर काटने के लिए कहा है। यह कनेक्शन घरेलू और व्यावसायिक हैं। दूसरी तरफ उपभोक्ताओं में रोष है कि 31 मार्च की क्लोजिंग के चक्कर में बोर्ड अधिकारी उन्हें परेशानी में डाल रहे हैं। कई स्थानों पर बिना नोटिस के बिजली काटने की सूचना भी है। इसका लोगों ने विरोध जताया है।
सिक्योरिटी भी होगी जब्त
स्थायी तौर पर कनेक्शन काटे जाने की स्थिति में डिफाल्टर उपभोक्ता को दोबारा से बिजली कनेक्शन के लिए अप्लाई करना होगा। इस दौरान पुरानी सिक्योरिटी तो जब्त होगी ही साथ ही नई सिक्योरिटी भी देनी होगी। इसके अलाव अन्य वह सारे खर्चे होंगे, जो एक कनेक्शन लेने के लिए जरूरी होंगे।
कहां कितने कटेंगे कनेक्शन (अस्थाई)
क्षेत्र कनेक्शन
चंबाघाट 225
बड़ोग 080
दयोठी 110
नौणी 250
ओच्छघाट 180
सपरुण 250
हाऊसिंग बोर्ड 200
देहूंघाट 200
रबौन 100
स्थाई कनेक्शन 205
बोर्ड को 22 लाख का
नुकसान : दर्शन सिंह
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता दर्शन सिंह ठाकुर ने बताया कि बिजली का बिल जमा न करवाने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। 1800 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई हो रही है। इसमें करीब 205 कनेक्शन स्थायी तौर पर कटेंगे। बाइस लाख रुपये बकाया है। 31 मार्च की क्लोजिंग के चलते विभाग सख्ती करने को मजबूर है। कहा कि अस्थायी कनेक्शन को तुरंत बहाल कर दिया जाता है। लेकिन स्थायी कनेक्शन कटने पर सारी औपचारिकताएं दोबारा से निभानी पड़ती हैं।