अर्की में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान मौजूद भक्त। संवाद
ओखरू में भागवत कथा के दौरान सुनाए महाभारत के कई प्रसंग
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। महाभारत और भागवत कथा का अटूट संबंध है, जिसमें श्रीकृष्ण पांडवों के रक्षक और मार्गदर्शक के रूप में धर्म की स्थापना करते हैं। अर्की के गांम ओखरु में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन कथावाचक आचार्य श्री राम स्वरूप शांडिल्य ने कहा कि महाभारत के प्रमुख प्रसंगों में द्रौपदी चीरहरण, भगवद् गीता का उपदेश और नारायण अस्त्र के विरुद्ध कृष्ण की लीला शामिल हैं, जो दर्शाते हैं कि भगवान शरणागत भक्त की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
आचार्य ने महाभारत में द्रौपदी चीरहरण का वृत्तांत सुनाते हुए कहा कि जब दुर्योधन ने द्रौपदी का अपमान किया, तब कृष्ण ने साड़ी बढ़ाकर उनकी रक्षा की, जो भक्त की पुकार पर ईश्वर की तुरंत सहायता का प्रतीक है। महाभारत के अन्य प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य ने बताया कि अश्वत्थामा द्वारा छोड़े गए अस्त्र से पांडव सेना को बचाने के लिए, कृष्ण ने अस्त्रों को निहत्था करवाकर धर्म की रक्षा की, क्योंकि भगवान केवल सच्चे भक्त को बचाते हैं।