होटल और अन्य व्यापारी निराश
फरवरी में बर्फबारी की आस लेकर में हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के पर्यटन क्षेत्र कसौली चायल में पर्यटकों निराशा हाथ लगी है। 26 जनवरी समेत वीकेंड पर मैदानी क्षेत्रों से बर्फबारी की आस लगाकर कसौली घूमने आए पर्यटकों को मायूस होकर लौटना पड़ा है। मौसम का मिजाज बदलने का असर होटल और अन्य कारोबारियों पर भी पड़ा है। पिछले कुछ दिनों से कारोबार गिरता जा रहा है। इससे जिले के होटल कारोबारियों पर्यटन कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को चिंता सताने लगी है।
बता दें कि जिला के कसौली, करोल, चायल व बाड़ीधार में इस साल एक बार भी बर्फबारी तो दूर बारिश तक नहीं हुई है। इससे होटल व दुकानदारों में काफी निराशा है। बाहरी राज्य से प्रदेश में आने वाला पर्यटक कसौली, चायल या फिर उपरी क्षेत्रों में बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पंहुचता है। लेकिन इस बार हर वर्ग के लोगों को बारिश-बर्फबारी न होने के कारण निराशा ही हाथ लग रही है। इस वीकेंड पर कसौली और चायल के बाजारों में बहुत कम पर्यटक रहे। हालांकि कसौली के स्थानीय लोगोंं को अभी फरवरी माह में बर्फबारी का इंतजार है। शनिवार को मौसम साफ रहा।