1100 ट्रकों व 646 सदस्यों वाली बाघल लैंड लूजर्स परिवहन सहकारी सभा में मल्टीएक्सल ट्रालों को चलाने को लेकर छिड़ा आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि शनिवार को नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। ट्रकों की डिमांड का काम ठप पड़ने से कुछ नाराज सदस्यों ने एक पक्ष पर आरोप जड़ते हुए सभा के कार्यालय में ताला जड़ दिया। सुबह ही नाराज सदस्यों का एक खेमा कार्यालय के बाहर एकत्र हो गया।
बताया जा रहा है कि पहले तो विरोधी पक्ष ने सभा का रजिस्टर उठा लिया और बुकिंग आफिस पर भी ताला लगा कर उसे बंद कर दिया। उसके बाद कार्यालय के मेन गेट पर ही ताला जड़ दिया। कार्यालय गेट पर ताला जड़ने पर सभा सदस्यों व प्रबंधन समिति के सदस्यों के बीच काफी तनाव पैदा हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बीचबचाव कर मामला शांत करवाया।
एक पक्ष पुलिस से कार्यालय गेट पर लगे ताले को खुलवाने की मांग करते रहे। साथ ही शिकायत पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि संस्था के कार्य में बाधा पहुंचाने की कोशिश की गई और कार्यालय में जबरन घुसकर ताले लगाए गए। वहीं दूसरे पक्ष ने मारपीट और धमकी देने के आरोपों के तहत शिकायत की है। दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामला बिगड़ता देख प्रशासन ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया। नाराज सदस्यों के उनके मसले को सोमवार तक सुलझाने का आश्वासन देकर हुई बैठक के बाद ताला खुलवाया गया। अब इस पर फैसला सोमवार को होगा।
बैठक में डीएसपी नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि दोनों पक्षों से बातचीत के लिए शनिवार को दोपहर तीन बजे बैठक बुलाई गई थी। इसमें नायब तहसीलदार हेमचंद कश्यप सहकारी सभा निरीक्षक बुधि राम सहित दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे, लेकिन सभा के प्रधान राम कृष्ण शर्मा के मौजूद न होने की वजह से अगली बैठक सोमवार को तय की गई। इसमें एसडीएम अर्की व सहायक पंजीयक सोलन मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने क्रास एफआईआर दर्ज की है।
नाराज संस्थापक सदस्यों में कर्मचंद ठाकुर, धनी राम, सुरेश शर्मा, जगदीश शर्मा, हरी सिंह, संतराम, खेम राज ठाकुर का आरोप है कि मल्टी एक्सल ट्रकों को चलाने में मनमानी की जा रही है। सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सोलन के अंतरिम स्थगनादेश के बावजूद वरिष्ठता सूची के बजाए अपने चहेतों को अनुमति दी जा रही है। कई सदस्यों द्वारा 28 लाख खर्च कर मल्टी एक्सल ट्रक खरीदे गए हैं जो काफी समय से सड़क किनारे खड़ा है जिनकी किश्तें देने में वो असमर्थ हो हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार की बैठक में उनकी समस्या का हल नहीं निकाला जाता है तो वो कंपनी की माल ढुलाई पूरी तरह से ठप कर देंगे।
सभा प्रधान रामकृष्ण की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को आईजी साउथ रेंज से शिमला में मिला। पुलिस की कार्रवाई को कठघरे में खड़ा करते हुए व दूसरे पक्ष द्वारा ताले जड़ने की शिकायत करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शनिवार को ताला लगाने के बाद ढुलाई का काम बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। सभा के कर्मचारी बाहर खड़े रहे। इससे लाखों का नुकसान हुआ है जिसकी भरपाई कौन करेगा?