झाड़माजरी स्थित एक कंपनी में कामगार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। मौत के बाद गुस्साए अन्य कामगारों ने फैक्टरी परिसर में धरना दे दिया। कामगारों का कहना है कि जब तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता तब तक हड़ताल जारी रखेंगे। कामगारों का कहना था जब तक उन्हें आश्वासन नहीं दिया जाता तब तक फैक्टरी नहीं चलने दी जाएगी।
मृतक कामगार उदयवीर (30) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के गोला गंज गांव का रहने वाला था। दो साल पहले श्रीदेवी के साथ विवाह हुआ था। उसकी पत्नी श्रीदेवी, भाई सतबीर व माता श्रीनिवास का कहना है उदयवीर को करंट लगा है और फैक्टरी प्रबंधक जानबूझ कर हार्ट अटैक की बात कर रहे। अगर मुआवजा नहीं दिया गया तो शव रख कर धरना दिया जाएगा।
शनिवार को 11 बजे उदयवीर अपने फीटर के साथ 25 फीट ऊंचाई पर स्थित शेड पर लगी मोटर को ठीक करने जा रहा था। मोटर उतारने से पहले उदयवीर का शरीर कांपने लगा जिस पर उसका फीटर उसके पास आया, लेकिन तब तक वह काफी घबरा गया। फीटर ने शोर मचाया और लिफ्ट से कामगार को नीचे उतारा, लेकिन तब तक वह मर चुका था। कामगारों का कहना था कि उदयवीर को करंट लगा है तभी उसके मुंह से झाग आई है। जबकि फैक्टरी प्रबंधकों का कहना है कि उदयवीर की हृदय गति रुकने से मौत हुई है।
इससे गुस्साए कामगारों ने फैक्टरी गेट पर जम कर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जब तक उसे उचित मुआवजा नहीं दिया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उधर, फैक्टरी के प्रबंधकों का कहना है कि एमडी का फोन नहीं लग रहा है जिससे अभी वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। दूसरी ओर थाना प्रभारी दया राम ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। रविवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।