रामशहर स्कूल में अंडर-14 कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर(सोलन)। रामशहर में आयोजित अंडर-14 कबड्डी टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में धोनी रामशहर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। बारिश के बीच खेले गए इस बेहद रोमांचक और कांटे के मुकाबले में धोनी रामशहर ने साईं की टीम को मात दी।
फाइनल मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। कभी एक टीम का पलड़ा भारी रहता तो कभी दूसरी टीम बढ़त बनाती नजर आती। मैच के दौरान हल्की-हल्की बारिश के कारण खेल में कुछ बाधाएं जरूर आईं, लेकिन नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह और जोश में कोई कमी नहीं आई। अंतिम मिनटों तक चले इस संघर्षपूर्ण मैच में धोनीरामशहर की टीम ने धैर्य और उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। समारोह में नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने विजेता टीम की कप्तान को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि सौंपकर सम्मानित किया। आयोजकों ने बताया कि इस पूरे टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना और उत्कृष्ट अनुशासन का प्रदर्शन किया। इस रोमांचक मुकाबले का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और खेल प्रेमी मैदान में डटे रहे।