सुबाथू के नयानगर में हरितालिका तीज के मौके पर पारंपरिक लाल साड़ी, पहनकर उपस्थित समस्त महिलाएं ।
सुबाथू के नयानगर में हुए कार्यक्रम में पूर्व सैनिक नवीन के गाने ने बंधा समा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। छावनी क्षेत्र सुबाथू के अंतर्गत आने वाले नयानगर में हरितालिका तीज महोत्सव बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन समस्त महिला नयानगर सुबाथू द्वारा किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों सहित नेपाली समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्सव के दौरान पूरा माहौल पारंपरिक रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं पारंपरिक लाल साड़ी, लहंगे और पोते पहनकर सज-धज कर पहुंची। इस मौके पर नेपाली समुदाय की महिलाओं ने सुरीले नेपाली तीज गीतों और लोक धुनों पर शानदार सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। वहीं, सुबाथू बॉयज के ग्रुप ने भी मंच पर आकर एक से बढ़कर एक सुंदर और ऊर्जावान प्रस्तुतियां दीं, जिसने समारोह में मौजूद सभी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में उस समय चार चांद लग गए जब स्थानीय महिला लीना तमांग व निधि पुन ने कजरारे कजरारे व वो लड़की आंख मारे गाने पर खूबसूरत डांस किया। वहीं पूर्व सैनिक नवीन थापा ने मंच से अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरते हुए एक खूबसूरत हिंदी गीत गाया।
आयोजक समिति के सदस्य दीपक तमांग व अंजुला भंडारी ने बताया कि हरितालिका तीज का यह पावन त्योहार भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना के लिए मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में युवाओं और पूर्व सैनिकों की भागीदारी बढ़ती है।