सोलन में जागरण के साथ मां शूलिनी मेले का शुभारंभ, भंडारे का भी आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राष्ट्रीय स्तरीय मां शूलिनी मेले का मंगलवार रात जागरण के साथ आगाज हुआ। इसका आयोजन मां शूलिनी देवी सेवा मंडल सोलन ने किया। इस अवसर पर अभिषेक सोनी ने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पंडित पूर्णानंद, समाजसेवी मुकेश गुप्ता (परिवार के सदस्यों अर्पित और सौरभ सहित) तथा मंडल के सदस्य शुभम शर्मा ज्वाला जी से जोत लेकर सोलन पहुंचे। जोत का बैंड-बाजे के साथ स्वागत कर जागरण पंडाल तक पहुंचाया गया। पूजा-अर्चना के बाद जागरण का शुभारंभ स्वर संध्या ग्रुप सोलन ने किया। वार्ड आठ के पार्षद सुरेंद्र कश्यप ने मिंजो प्यारी लगदी कांगड़े दी माता भजन प्रस्तुत किया।
अभिषेक सोनी ने सतगुरु मेरे कलम हाथ तेरे, मां हमें तेरा सहारा है और मां मेरी लाडलिए जैसे कई भजन प्रस्तुत किए। उन्होंने फिल्मी धुनों पर आधारित भेंटों से दूरी बनाए रखी। सोनी ने मधुर भजनों से उपस्थित भक्तों का मन मोह लिया। अभिषेक सोनी ने गायन से पंडाल में भक्ति का माहौल बना दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमने लगे। सोनी ने समाज को संदेश देते हुए कहा कि हमें बुजुर्गों और माता-पिता की सेवा करनी चाहिए, तभी भगवान की सेवा का वास्तविक लाभ मिलता है। जागरण के अंत में अभिषेक सोनी ने माता-पिता को समर्पित भजन प्रस्तुत किए। उन्होंने तू कितनी अच्छी है तू कितनी प्यारी है मां और पापा मेरे पापा जैसे गीत प्रस्तुत किए। इन भजनों को सुनकर पंडाल में मौजूद लोग भावुक हो गए।