रक्षा और स्वास्थ्य मंत्री से जल्द मिलेंगे छावनियों के प्रतिनिधि
आचार संहिता के चलते ठंडे बस्ते में था मामला
उपायुक्तों को एसडीएम दे चुके हैं रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। प्रदेश की छह छावनियों के सिविल क्षेत्रों को स्थानीय निकायों में मिलाने की मांग फिर जोर पकड़ने लगी है। प्रदेश छावनी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी जल्द ही इसको लेकर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलेंगे।
इसको लेकर लोकसभा चुनाव से पहले ही प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसको लेकर कई एसडीएम ने उपायुक्त को रिपोर्ट भी दे दी है। उस वक्त आचार संहिता के कारण मामला ठंडे बस्ते में था। अब प्रक्रिया को फिर से तेज करने की मांग हो रही है।
हिमाचल का योल छावनी क्षेत्र पहले ही स्थानीय निकाय में मिला दिया गया है। अब देश में 61 छावनियां बची हैं। अब देश की अन्य छावनियों को भी स्थानीय निकायों में मिलाने की कवायद चल रही है।
प्रदेश छावनी एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र शर्मा, महासचिव मनमोहन शर्मा और उपाध्यक्ष मनीष शर्मा ने बताया कि अब देश में लोकसभा चुनाव खत्म हो चुके हैं। एसोसिएशन जल्द ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के माध्यम से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर इसकी मांग की जाएगी।