धूप के बाद ठंडी चीजों और पानी के सेवन से हो रहे बीमार
मेडिसिन ओपीडी में मरीजों की लगीं कतारें
चिकित्सकों की सलाह, फ्रीज के पानी न पिएं, धूप से बचें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया है। गर्मी के बढ़ने से बीते एक सप्ताह से अस्पतालों में बुखार और गले में दर्द के मामले भी बढ़ गए हैं।
मेडिसिन ओपीडी में रोजाना 90 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। धूप से आने के बाद राहत पाने के लिए लोग एकदम ठंडी चीजों और पानी का सेवन कर रहे हैं। इसके चलते लोग बुखार और गले में दर्द से पीड़ित हो रहे हैं। मंगलवार को भी क्षेत्रीय अस्पताल में संबंधित शिकायत लेकर मेडिसिन ओपीडी के बाहर कतारें लगी रहीं। चिकित्सक लोगों को एकदम ठंडा पानी और चीजों का सेवन करने से थोड़ा परहेज करने के लिए कह रहे हैं। धूप से जाने के बाद शरीर में पसीना अधिक रहता है। इससे मरीज बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। इसमें बच्चे अधिक हैं क्योंकि बच्चे आईसक्रीम, कोल्ड डि्ंक्स व फ्रीज के पानी का सेवन अधिक कर रहे हैं।
अस्पताल में आने वाले मरीजों में उल्टी दस्त होना, चक्कर आना, चिड़चिड़ापन महसूस होना, सिर दर्द, पेट में दर्द उठना और मुंह सूखने के लक्षण आ रहे हैं। साथ ही इसमें बार-बार प्यास लग रही है। वहीं फ्रीज का ठंडा पानी पीने से भी गले में दर्द हो रही है।
इस तरह से करें बचाव
इससे बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, समय-समय पर ओआरएस का घोल पीते रहें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, बाहर का खाना खाने से बचें, तरल पेय पदार्थों का खूब सेवन करना चाहिए। वहीं तेज धूप में छाता लेकर निकलना चाहिए।
जिले में तापमान बढ़ता जा रहा है। इससे बुखार, गले में दर्द समेत अन्य मरीजों की संख्या बढ़ी है। लोगों से आग्रह है कि धूप से जाने के बाद एकदम ठंडी चीजों का सेवन न करें।
-डॉ. अमित रंजन तलवाड़, जिला स्वास्थ्य अधिकारी