केंद्रीय वित्त मंत्री से चंडीगढ़ में मिला बीबीएनआईए का प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी- बरोटीवाला-नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (बीबीएनआईए) उद्योग से संबंधित मुद्दों को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिली। केंद्रीय वित्त मंत्री चंडीगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर पहुंची थीं। उद्योगपतियों ने हिमाचल के उद्योग जगत से जुडे विभिन्न मुद्दे उनके समक्ष रखे। बीबीएनआईए के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, महासचिव वाईएस गुलेरिया व दिनेश जैन ने मंत्री के समक्ष जीएसटी का सरलीकरण करने, बैंक ब्याज में कमी करने व आगामी बजट में उद्योग जगत को राहत देने की मांग उठाई। उन्होंने महंगे मालभाडों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सड़क के बुनियादी ढांचे और राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी को बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता है। पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन की निर्माण गति बहुत धीमी है। इसके अलावा बद्दी-चंडीगढ़ रेल मार्ग जो कि 10 साल से बन रहा है वह आज भी अधूरा है जिससे कनेक्टिविटी होगी, वहीं माल भाड़ा लागत में भी कमी आएगी।
पदाधिकारियों ने औद्योगिक विकास योजना के तहत 31 दिसंबर 2022 तक पंजीकरण कराने वाले आवेदकों के लिए क्रेडिट तक पहुंच के लिए प्रोत्साहन की मंजूरी में तेजी लाने का आग्रह किया। कई उद्योग जो अंतिम रूप से पंजीकृत थे, उन्हें प्रोत्साहन से वंचित कर दिया गया है। डीपीआईआईटी पोर्टल उद्योगों को बिना किसी सूचना के अचानक बंद कर दिया गया था। उधर, वित्त मंत्री ने उद्योग संघ के पदाधिकारी की मांगों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।