सोलन और बीबीएन में देर रात हुई बारिश से काफी नुकसान हुआ है। सोलन के टैंक रोड पर डंगा गिरने से सरकारी कॉलोनी को खतरा पैदा हो गया है। वहीं बीबीएन में वीरवार रात को हुई तेज बारिश के कारण लोगों के घरों व उद्योगों में पानी घुस गया जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। बागवानियां नदी उफान पर होने के कारण पानी पुल के ऊपर से बहा। इस कारण रात्रि साढ़े तीन से साढे़ छह बजे तक बद्दी राष्ट्रीय मार्ग बंद रहा। पुल के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारे लग गई थी। कई स्थानों पर लोगों ने पेड़ पर चढ़कर जान बचाई।
कहां कितना नुकसान
पुल से पानी टकराने के बाद वापस लोगों के खेतों व उद्योगों में घुस गया। इससे सनराइज पोलीमर, हिंदुस्तान एप्लाइंसिस, हिंदुस्तान पैकर्स, सीएमसी कंपनी, हनुमान सतबीर आखाड़ा, राजस्व विभाग के पटवारी के कार्यालय समेत गौशाला की दीवार तोड़ते हुए पानी दर्जनों किसानों की फसलें नष्ट कर दी। हिंदुस्तान पैकर्स के संचालक विशाल सिंगला ने बताया कि उनका तैयार व कच्चा माल पानी में खराब हो गया जिससे उन्हें चालीस लाख का नुकसान हुआ है। हिंदुस्तान एप्लाइंसिस को करीब 9 लाख का नुकसान हुआ है।
15 लोग बाल बाल बचे
सतबीर अखड़ा के संचालक कुलबीर राणा ने बताया कि उनके 15 पहलवान कमरे में सोए हुए थे। जैसे ही मकान में पानी भरा तो उन्होंने पेड़ों पर चढ़ कर जान बचाई। उनके खाने पीने का सामान पानी के साथ बह गया जिससे उन्हेें दो लाख का नुकसान हुआ है।
किशनपुरा व मानपुरा में भारी तबाही
बारिश से किशनपुरा व मानपुरा खड्ड ने भी तबाही मचाई है। राम एंड संस क्रशर के पास एक जेसीबी व टिपर पानी से साथ बह कर आधा किमी दूर सरसा नदी में जाकर रुका। साथ ही बिजली बोर्ड के दो खंभे भी पानी में बह गए। मानपुरा खड्ड़ के साथ राज कुमार, बृजेश, ओम कुमार व नारायण की झुग्गी में पानी भर गया जिससे इन लोगों ने भाग कर जान बचाई।