Cylinder in a loaded truck catches fire in Parvanoo
परवाणू (सोलन)। परवाणू मुख्य बाजार में लोड ट्रक के एक सिलिंडर में आग भड़क गई। इससे बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार परवाणू की होलसेल मार्केट में गैस एजेंसी का कार्यालय है। यहां गाड़ियों में सिलिंडर लोड और अनलोड किए जाते हैं। इसी दौरान लीक होने के चलते सिलेंडर में आग भड़क गई। दमकल विभाग ने समय पर पहुंच कर आग बुझाई।
हैरानी की बात यह है कि सिलिंडर की फिलिंग से पहले इनकी पूरी जांच की जाती है। इसके बावजूद सिलिंडर में आग लगने से आईओसीएल पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पहले भी परवाणू के सेक्टर-3 में इसी एजेंसी का सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक बच्ची झुलस गई थी। एजेंसी का गोदाम होने पर कार्यालय में सिलिंडरों की लोडिंग-अनलोडिंग पर किसी ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। परवाणू की होलसेल मार्केट के पास सिलिंडर का गोदाम चल रहा है।
हादसे के लिए आईओसीएल जिम्मेवार
खाद्य आपूर्ति अधिकारी धर्मपुर धर्मेश शर्मा ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्हें मिली कि सिलिंडर लीक होने से यह घटना हुई। इसके लिए आईओसीएल जिम्मेवार है। उन्होंने बताया कि किसी भी एजेंसी में सिलिंडर रखने की कोई अनुमति नहीं दी जाती है।