बीटीटीआई के वार्षिक समारोह में छात्रों ने बिखेरा रंग
बीबीएनडीए सीईओ सोनाक्षी सिंह तोमर ने छात्रों को किया सम्मानित
स्वच्छ औद्योगिक शहर बनाने में जनभागीदारी पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी।
बद्दी (सोलन)। बद्दी टेक्निकल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में वार्षिक समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीबीएनडीए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस सोनाक्षी सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर विद्यार्थियों और उद्यमियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बीबीएनडीए और नगर निगम बद्दी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी अभियान की शुरुआत स्वयं से होती है और जब तक लोग इस औद्योगिक शहर को अपना घर नहीं मानेंगे, तब तक इसे स्वच्छ और सुंदर बनाना संभव नहीं होगा।
कार्यक्रम में वर्षभर खेलकूद और शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रैंपवॉक और फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं विशेष रूप से सक्षम एक बच्चे द्वारा प्रस्तुत कविता ने सभी को भावुक कर दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बीटीटीआई के प्रधानाचार्य जयदीप अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के उद्यमी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत संस्थान को लगातार सहयोग दे रहे हैं। इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
30 लाख रुपये से सुधरेगी बीटीटीआई सड़क
बीटीटीआई प्रबंधन ने संस्थान तक पहुंचने वाली जर्जर सड़क की समस्या मुख्य अतिथि के समक्ष उठाई। इस पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनाक्षी सिंह तोमर ने सड़क सुधार के लिए 30 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इस अवसर पर फार्मा उद्यमी सुमित सिंघल, पूर्व बीबीएनआईए अध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, मुकेश जैन, विजय कुमार अरोड़ा, रजनीश विज, दिनेश जैन, डॉ. रणेश राणा, राजेश बंसल, एसके ठाकुर, वाईएस गुलेरिया और संदीप कपूर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।