नालागढ़ उपमंडल के आदुवाल में खेतों में कई बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई।
- फोटो : demopic
नालागढ़ उपमंडल के आदुवाल में खेतों में कई बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। इसमें किसानों को करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड नालागढ़ की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आसपास की करीब दस लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया।
भोगपुर पंचायत के तहत आदुवाल गांव में दोपहर करीब 12 बजे खेतों में अचानक आग लग गई, जिसमें दो किसानों की छह माह की मेहनत आग की भेंट चढ़ गई। यह घटना उस समय हुई जब खेतों के साथ लगती खड्ड की झाड़ियों में अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग खेतों तक पहुंच गई और फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। पीड़ित किसानों का कहना है कि आग लगने से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। उन्हें अब अपने परिवार का भरण पोषण करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा क्योंकि खेती ही मात्र उनकी रोजी रोटी का जरिया है। उन्होंने सरकार से मदद की गुहार लगाई है। फायर आफिसर नालागढ़ हितेंद्र कंवर ने बताया कि भोगपुर पंचायत के तहत आदूवाल गांव में खेतों में आग लगने से करीब 7 बीघा जमीन में 30 हजार रुपये की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
दस लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया है। तहसीलदार नालागढ़ डीआर भाटिया ने कहा कि संबंधित पटवारी को नुकसान के आंकलन के निर्देश दे दिए हैं। रिपोर्ट आते ही पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।