बद्दी के हाउसिंग बोर्ड के फेस तीन में करंट लगने से झुलसे बिजली बोर्ड के ठेकेदार के कर्मी की पीजीआई में चिकित्सकों ने बाजू काट दी है। जख्मी कर्मी की बाजू में इंफेक्शन फैल गया था।
पुलिस के अनुसार गोयला पन्नर का युवक राधे श्याम बिजली बोर्ड के ठेकेदार नरेश चौहान के पास हेल्पर के रूप में कार्य करता था। उसकी ड्यूटी बद्दी क्षेत्र में थी। 12 जनवरी को जैसे ही वह ड्यूटी पर आया, तो उसे फोरमैन देशराज ने खंभे पर चढ़ने को कहा। बद्दी के फेस तीन में लाइट गुल थी। फोरमैन देशराज ने लाइन की लाइट काटी और राधे श्याम को खंभे पर फ्यूज लगाने के लिए चढ़ा दिया। लेकिन, इस खंभे से 11 केवी लाइन छू रही थी। जैसे ही युवक ने लोहे का एंगल पकड़ा तो उसे करंट लग गया। उसका बाजू जल गया। जख्मी हालत में उसे बिजली बोर्ड का जेई व फोरमैन देशराज उपचार के लिए पीजीआई ले गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी बाजू काट दी। राधे श्याम के परिजनों ने बताया कि ठेकेदार की ओर से उसे कोई भी सहायता नहीं दी गई है। वह विकलांग हो गया है। उधर, एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बिजली बोर्ड के फोरमैन देशराज के खिलाफ धारा 336 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।