जमा एक कक्षा के छात्र ने सरेराह कृपाण से हमला कर एक युवक को जख्मी कर दिया। बताया जा रहा है कि किसी रंजिश के चलते यह झगड़ा हुआ। हमलावर तीन दोस्तों के साथ बाइक पर आया था। रास्ता रोककर तलवार लहराते हुए उसने एक युवक पर हमला बोल दिया।
आरोपी क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में अध्ययनरत है। मामले में दो अन्य युवक भी नामजद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। उधर स्कूली छात्र द्वारा ऐसी घटना को अंजाम दिए जाने से हर कोई हैरत में है।
पुलिस थाना नालागढ़ के मुताबिक हमलावर नालागढ़ स्कूल का जमा एक का छात्र है। घायल की शिनाख्त जॉनी (18) पुत्र अवतार गांव रख धनसोत के रूप में हुई है। शिकायत पर पुलिस ने छात्र और उसके दो साथी युवकों पर मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के तहत आरोपी छात्र और शिकायतकर्ता के बीच चंद रोज पहले ही किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
इसके बाद रात आठ बजे जब पीड़ित अपने चाचा के बेटे के साथ बंगाला कालोनी रोड पर चाउमिन खाने जा रहा था तो आरोपी छात्र अन्य दो अन्य युवकों के साथ बाइक पर आया। तीनों युवकों ने जॉनी का रास्ता रोक लिया। इस दौरान एक युवक के हाथ में
कृपाण देख जॉनी वहां से भागने लगा। इसी बीच आरोपी युवक ने कृपाण से हमला कर जॉनी के दाहिने हाथ की कलाई पर वार कर उसे घायल कर दिया। एसपी ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।