पट्टा-महलोग में बस स्टैंड पर दो दुकानें जलकर हुई राख।
- फोटो : अमर उजाला
पर्यटन नगरी कसौली से करीब तीस किलोमीटर दूर पट्टा-महलोग बस स्टैंड पर आगजनी से दो दुकानें जलकर राख हो गई हैं। दुकानों को बचाने की कोशिश में दुकानदार भी बुरी तरह झुलस गया है। गंभीर हालत में घायल कारोबारी को चंडीगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा सुबह तड़के पांच बजे का है। आग शार्ट सर्किट के कारण लगी और बाद में सिलेंडर तक जा पहुंची। सिलेंडर फटने का जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया लिया गया। उधर, पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल तक पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार सुबह करीब पांच बजे की है। बसों के चालक सुबह जब रूट पर जाने के लिए गाड़ियां स्टार्ट कर रहे थे तो उन्होंने दुकानों के अंदर धुआं उठते देखा। इतने में ही धमाके की आवाज हुई। आसपास के लोग जाग गए। बताया जा रहा है कि यह धमाका मीटर फटने का था। लोगों और दुकान के मालिक को जगाकर प्रशासन और दमकल विभाग को सूचित किया। इतने में ही दुकान में रखे सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ।
दुकान मालिक निर्मल सिंह गुप्ता और उसके परिवार के सदस्य दुकानो में लगी आग बुझाने में लग गए। जिसमें दुकान मालिक आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गया। उसे पट्टा पीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीरावस्था में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। आगजनी की घटना से निर्मल सिंह की मिठाई और कास्मेटिक्स की दो दुकानें जलकर रख हो गई।
आगजनी से 20 लाख का नुकसान: नायब तहसीलदार
नायब तहसीलदार कृष्णगढ़ जीएस बाली ने कहा कि फौरी तौर पर प्रभावित परिवार को 50 हजार रुपये सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया की आगजनी से दुकानदार को करीब बीस लाख का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी डीसी सोलन को भी दे दी गई है।