कुनिहार-डुमैहर मार्ग पर शीत गांव के पास एक बलेरो गाड़ी 150 फीट गहरी खाई में गिर गई।
- फोटो : अमर उजाला
कुनिहार-डुमैहर मार्ग पर शीत गांव के पास एक बोलेरो गाड़ी 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। इसमें सवार पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से कुनिहार अस्पताल लाया गया। यहां से दो घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें आईजीएमसी रेफर कर दिया है।
गाड़ी में चालक समेत पांच लोग सवार थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे चिकनी मिट्टी में गाड़ी स्किड होकर खाई में गिरी। इस पहलू पर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार कुनिहार से डुमैहर एक ठेकेदार अपनी गाड़ी में लेबर को लेकर जा रहा था।
इसी बीच शीत गांव के पास दूसरी दिशा से आई गाड़ी की रोशनी लगने से चालक गाड़ी सड़क पर बिखरी चिकनी मिट्टी पर ले गया जिससे वाहन फिसलकर खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने जैसे ही गाड़ी गिरने की आवाज सुनी मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। घायलों को स्थानीय नागरिक अस्पताल कुनिहार लाया गया।
अस्पताल में डॉ. हरि उप्पल ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर रूप से घायल चालक लखनपाल सिंह (40) गावं बादरपुर डाकघर और तहसील डोलपुर जिला राजस्थान तथा सुग्रीव (23) गांव संत कबीर नगर जिला संत कबीर नगर यूपी को आईजीएमसी रेफर किया है। मुकेश (26) निवासी गांव नगला कमाल (पीपर खेरा) डाकघर एवं तहसील खेड़ागढ़ जिला आगरा
यूपी, शिव कुमार (23) गांव मोहम्मदपुर कठार तहसील खलीलाबाद जिला संत कबीर नगर यूपी, 34 वर्षीय लालू गांव आवसगंज डाकघर कुसुरा खुर्द थाना दुधारा जिला संत कबीर नगर यूपी कुनिहार अस्पताल में भर्ती है। एएसआई केशव पारगी की अगुवाई में घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस टीम ने जायजा लिया और घटना की जांच की। डीएसपी दाड़लाघाट नरवीर सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।