बरोटीवाला और बद्दी में दो मारपीट के मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में कुछ को चोटें आई हैं। पहला मारपीट का मामला पंखे की आवाज को लेकर छिड़े विवाद पर हुआ है। जबकि दूसरा मामला जमीनी विवाद से संबंधित है। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया है।
पहला मामला बरोटीवाला थाना में देशराज निवासी पंजाब ने दर्ज कराया है। वह मंधाला के एक उद्योग में काम करता है। जब वह दोपहर के समय खाना खाने के लिए अपने कमरे के पास पहुंचा तो सुखदेव जो कि कंपनी का मुंशी है एक अन्य साथी के साथ वहां आ धमका। उसने डंडे के साथ उस पर हमला बोल दिया जिससे उसे चोटें आई।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर भी डंडे व मुक्कों से मारपीट की। उसने बताया कि पिछली रात इन लोगों ने दरवाजे के साथ एक बड़ा पंखा लगा रखा था जिसकी आवाज से वह सारी रात परेशान रहा। उसने उन्हे पंखा बंद करने के लिए कहा था। इस बात पर उन्होंने उसके साथ बहस भी की थी। इसी बात को लेकर उस पर हमला किया। एसपी बद्दी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा मामला बद्दी थाना के तहत मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। सुनीता देवी निवासी गांव शेरां तहसील बद्दी ने बयान दर्ज करवाया कि लक्की और उसकी पत्नी इन्दू तथा मोनू निवासी गांव शेरां ने उसके साथ थप्पड़ मुक्कों से मारपीट की। इससे गले और दाहिने घुटने पर तथा अन्य स्थानों पर चोटें आई है। ये लोग अपने मकान के चारों ओर बाउंड्रीवाल बनाने के लिए उनकी जमीन का इस्तेमाल करना चाहते थे।
इसी रंजिश में इन तीनों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान बाएं कान की सोने की बाली तथा गले की चेन से सोने का लॉकेट भी गिर कर गुम हो गया। एसपी बद्दी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।