----------
तीन बटालियनों के जवान दिन भर करते रहे गश्त
परवाणू में धारा 144 का दिखा असर, हालात सामान्य, कैंटर यूनियन का माल ढुलाई कार्य भी जारी रहा
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक नगर परवाणू में वीरवार को भी धारा 144 लागू रही, हालांकि हालात सामान्य रहे। पुलिस की तीन बटालियन परवाणू में चौबीस घंटे गश्त कर रही हैं। परवाणू में प्रवेश करने वाली सभी गाडि़यों पर नजर रखी जा रही है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहा। शांति के बीच ट्रक यूनियन का माल ढुलाई का काम भी जारी रहा। पुलिस ने एक टुकड़ी कैंटर यूनियन के बाहर भी तैनात कर रखी है। यह टुकड़ी नियमित रूप से यहां के सभी अपडेट आलाधिकारियों तक पहुंचा रही है। इसके अलावा सौ अन्य पुलिस कर्मियों को गश्त पर लगाया गया है। इनमें हथियारबंद पुलिस कर्मचारी भी शामिल हैं।
परवाणू में मंगलवार से धारा 144 लागू है। पुलिस ने किसी भी तरह के हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध लगाया है। साथ ही भीड़ जुटाने पर भी मनाही थी। इसे देखते हुए भारी पुलिस बल परवाणू में तैनात किया गया है। परवाणू में हालात सामान्य हैं और अभी तक कोई प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है। इसके साथ ही ट्रक ऑपरेटरों ने भी हड़ताल को रद्द कर दिया है और नियमित रूप से माल ढुलाई का काम कर रहे हैं।
इनसेट...
आज हाईकोर्ट में पेश होंगे आरोपी
अग्रिम जमानत की अवधि खत्म होने के बाद परवाणू में बावा हरदीप सिंह पर हमला करने के सभी आरोपी दोबारा से हाईकोर्ट में पेश होंगे। इन सभी आरोपियों को हाईकोर्ट से पांच अक्तूबर तक जमानत मिली है। हाईकोर्ट ने नियमित रूप से परवाणू थाना में हाजिरी भरने के एवज में सभी आरोपियों को जमानत दी थी। हाईकोर्ट में जमानत को लेकर आने वाले फैसले पर पुलिस समेत सबकी नजरें टिकी हुई हैं। पुलिस ने एक पार्टी को अलर्ट पर रखा है। जमानत को लेकर फैसला आने के बाद पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण रहेगी। डीएसपी अजय राणा का कहना है कि हाईकोर्ट का जो निर्णय रहेगा उसी आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इनसेट...
भाजयुमो उपाध्यक्ष सात दिन की न्यायिक हिरासत
बावा हरदीप सिंह पर हमले के आरोप में गिरफ्तार भाजयुमो उपाध्यक्ष राकेश शर्मा (दिशु) को पुलिस ने वीरवार को कसौली कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पूर्व आरोपी को चार अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश कोर्ट ने सुनाए थे। डीएसपी अजय राणा ने इसकी पुष्टि की है।