बस में सवार हरियाणा के व्यक्ति से पकड़ी एक किलो चरस
सोलन के दोहरी दीवार के समीप पुलिस ने ली एचआरटीसी बस की तलाशी, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर के दोहरी दीवार के समीप पुलिस ने एचआरटीसी बस में सवार एक व्यक्ति से एक किलो चरस पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वीरवार सुबह पुलिस बाईपास दोहरी दीवार के समीप गश्त पर थी। इस दौरान शिमला से आ रही एक बस को तलाशी के लिए रोका। सीट नंबर 14 पर पहुंचे तो यहां बैठे व्यक्ति से सफर करने का कारण पूछा तो वे पुलिस को देखकर घबरा गया। इसके बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति की गोद में पड़े बैग की तलाशी ली तो उसमें चरस बरामद हुई। जब इसे तोला तो यह एक किलो निकली। पुलिस ने उक्त व्यक्ति की पहचान 30 वर्षीय निरंजन दास निवासी गांव भुन्ना तहसील गुल्ला जिला कैथल हरियाणा के रूप में की है। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसपी सोलन शिव कुमार ने बताया कि पुलिस ने एक व्यक्ति से एक किलो चरस बरामद कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अब पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।