परवाणू (सोलन)। औद्योगिक नगर परवाणू में 27 सितंबर को इंटक प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह पर हुए हमले के बाद पनपे तनाव के दौरान तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब तक 6 आरोपियों को पकड़ चुकी है। जबकि 5 आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को सोमवार देर रात गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों की पहचान मारूथ ठाकुर (21) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी कालका, परीक्षित सिंह (30) वर्ष पुत्र कुलतार सिंह निवासी कालका व सुखजिंद्र सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी पिंजौर तहसील कालका जिला पंचकूला हरियाणा के रूप में हुई है। इससे पहले भी पुलिस इस मामले में युवा इंटक के प्रदेशाध्यक्ष यशपाल ठाकुर व अन्य एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। गौरतलब है कि 27 सितंबर को परवाणू में बावा हरदीप सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में बावा हरदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें पीजीआई रेफर किया गया था। हमले के बाद बावा के समर्थकों ने शहर में खूब तोड़फोड़ की थी और कई वाहनों को अपना निशाना बनाया था। पुलिस अब तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें तलाश रही है।
बावा पर हमले के 14 आरोपियों को मिली जमानत
बावा हरदीप सिंह पर जानलेवा हमला करने के मामले में गिरफ्तार 15 आरोपियों में से 14 को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। पुलिस ने मारपीट के आरोप में कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को कसौली की कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को पहले रिमांड पर भेजा गया था। रिमांड खत्म होने पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। करीब 15 आरोपियों में से 14 आरोपियों ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी और मंगलवार को 14 आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है, जबकि हमले में शामिल एक आरोपी ने जमानत की याचिका दायर नहीं की थी।
थाना प्रभारी वीरेंद्र चौहान ने बताया कि तोड़फोड़ मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 14 आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है, जबकि एक ने जमानत की याचिका दायर नहीं की थी। उन्होंने बताया जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है कि पुलिस उनसे कड़ी पूछताछ करेगी।