सुबाथू (सोलन)।
सुबाथू से सटे रड़ियाणा गांव में रात के अंधेरे में सड़क पर घूमने वाले संदिग्ध नकाबपोश को आखिरकार कुनिहार पुलिस ने बेनकाब कर दिया है। कुनिहार पुलिस को आरोपी की पहचान आधार कार्ड के अनुसार बिजनौर उत्तरप्रदेश के मोहम्मद अफजल के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार इस व्यक्ति को कुनिहार अस्पताल के सामने सफेद कंबल और कुर्ते पजामे में देखने के बाद पूछताछ के लिए चौकी लाया गया। हालांकि रड़ियाणा के दुकानदार और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखने वाला व्यक्ति भी यही माना जा रहा है।
फिलहाल इस व्यक्ति को मानसिक परेशान और भटका हुआ राही भी बताया जा रहा है। लेकिन सवाल है कि यह व्यक्ति दो दिनों से कभी सैनिक क्षेत्र के दस नंबर में देखा गया तो कभी जंगलों के रास्ते से रड़ियाणा की सड़कों पर देखा गया। ऐसे में पता पूछने पर इस व्यक्ति ने खुद को यात्री बताया। सीसीटीवी की फुटेज से साफ हो रहा है व्यक्ति ने बड़ी चालाकी से दुकानदार को चकमा देकर एक ढाबे में छुपने का प्रयास भी किया है। रविवार को उसे पूछताछ के लिए धर्मपुर थाने में लाया गया। एसपी सोलन मोहित चावला ने बताया की उपरोक्त व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है।