नालागढ़ शहर में स्थित धागा उद्योग डीसीएल के स्टोर में मध्यरात्रि लगी आग से तैयार किया करीब 60 लाख का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाते समय उद्योग का एक कर्मी भी झुलस गया है जिसे उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल लाया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
फायर बिग्रेड ने सूचना मिलते ही आग बुझाने का कार्य किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उद्योग के साथ स्थित स्टोर में अचानक लगी आग से इसमें रखा तैयार धागा आग की चपेट में आ गया है। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाते हुए करीब 10 करोड़ की संपत्ति जलने से बचा ली।
नालागढ़-रामशहर मार्ग से फोर्ट रिजोर्ट को जाने वाले मार्ग पर स्थित धागा निर्माण से जुड़े उद्योग में अचानक आग लग गई। आग लगने के उपरांत स्टोर में उठी लपटें देखकर कर्मचारियों ने इसकी सूचना प्रबंधन वर्ग को दी, जिस पर प्रबंधकों ने तुरंत ही फायर बिग्रेड नालागढ़ को सूचना दी। करीब 1:08 बजे मिली सूचना के उपरांत दमकल कर्मी दो वाहनों सहित मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
फायर बिग्रेड के फायर आफिसर हितेंद्र कंवर की अगुवाई वाली टीम में लीडिंग फायरमैन इंद्र सिंह, राजा राम, फायरमैन अमर चंद, दीपराम, रामानंद, प्रेमचंद, धर्मचंद, होमगार्ड के जवान सुरेंद्र सिंह, राजीव, श्याम लाल, तिलक राज, चालक चुन्नी लाल और मदन लाल ने करीब तीन घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उद्योग के एचआर प्रबंधक राजीव पांडे ने कहा कि करीब 60 लाख रुपये कीमत का तैयार धागा जलकर राख हो गया है।
आग बुझाते समय एक कामगार झुलस गया है, जिसे अस्पताल में उपचार दिया गया। फायर ऑफिसर नालागढ़ हितेंद्र कंवर ने कहा कि सूचना मिलते ही फायर विभाग ने आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय एक कामगार झुलसा है। उन्होंने कहा कि आग से करीब 60 लाख का नुकसान हुआ है, जबकि आसपास की करीब 10 करोड़ रुपये की संपत्ति को जलने से बचा लिया गया है। नुकसान की पूरी रिपोर्ट आना अभी बाकी है।