सोलन। सुबाथू से देर शाम मेला देखकर लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है। मृतक की पहचान विपिन राणा पुत्र हेम बहादुर निवासी मशोबरा (कसौली) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार विपिन राणा बुधवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे सुबाथू मेले से सोलन लौट रहा था। इस दौरान मटाडों गांव में सड़क पर पड़ी बजरी में उसके मोटरसाइकिल का टायर स्किड हो गया और वह सड़क पर गिर गया।
हादसे में सड़क पर गिरने से युवक के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें लगी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सड़क से गुजर रहे अन्य लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। युवक को देर रात क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाया गया। यहां पहुंचने से पहले उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार विपिन राणा की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को सोलन अस्पताल में करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। देर रात हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था।