अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। पुलिस ने चिट्टे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने व्यक्ति को ओच्छघाट-कुमारहट्टी मार्ग पर मझोल पुल से दबोचा। आरोपी पहले भी चिट्टे के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसका मामला धर्मपुर थाना में भी दर्ज है। अब सोलन पुलिस ने उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तेज सिंह ग्राम खड़ीन कसौली, शूलिनी विवि के समीप मझोल क्षेत्र में चिट्टा लेकर जा रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना थी कि आरोपी नशे का सामान लेकर जा रहा है। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को मझोल पुल के समीप रोककर उसकी कार की तलाशी ली। जिसमें कार के डेश बोर्ड से पुलिस ने 10.26 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी सोलन शिव कुमार ने बताया कि नशे के खिलाफ विशेष मुहिम के तहत बुधवार देर शाम को पुलिस ने उक्त व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से भी चिट्टे को लेकर मामला दर्ज है।