धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला एनएच पर धर्मपुर के समीप एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया। इसमें दो लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पुलिस थाना धर्मपुर में 10 जनवरी को तनुज वैद्य पुत्र टेप प्रकाश निवासी गांव बिठरी पत्रालय कटवाची तहसील व थाना करसोग ने शिकायत की है कि उसकी किराने की दुकान है।
उसने 10 जनवरी को परवाणू से राशन लाने के लिए एक ट्रक योगराज के नाम से बुक किया था। यह लोग करीब तीन बजे दिन पागंना से चले, ट्रक को योगराज चला रहा था जबकि उसके साथ अन्य दो व्यक्ति खेम राज व अजीत सिंह भी थे। धर्मपुर सीआरपीएफ गेट के समीप वीरवार देर रात करीब सवा 11 बजे ट्रक अचानक सड़क की बाईं तरफ गहरी खाई में जा गिरा। इसमें दो व्यक्तियों को चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी सोलन शिव कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है।