नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के खरूणी स्थित निजी स्कूल संचालक की लूटपाट के इरादे से की गई हत्या के मामले में पुलिस ने और दो आरोपियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। इस हत्या और लूट में पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को दबोच लिया है। साथ ही 4.88 लाख की रिकवरी की गई है।
यह हत्याकांड दो लोगों ने रचा और वारदात को अंजाम देने में छह लोगों ने भूमिका निभाई है। हत्याकांड में शेष बचे दो आरोपियों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया। ये लोग गोवा चले गए थे और पुलिस इनका पीछा करती रही। आखिरकार दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ ही गए। पुलिस अधीक्षक रानी बिंदु सचदेवा ने नालागढ़ में हत्या आरोपियों के गिरफ्तार होने और मामले के सुलझाने को लेकर प्रेसवार्ता की। इस मौके पर एएसपी एनके शर्मा व डीएसपी नालागढ़ अनिल वर्मा भी मौजूद रहे।
स्थानीय युवकों ने पंजाब के युवकों के साथ मिलकर बनाया प्लान
यह लूट और हत्या कांड का प्लान दो युवकों ने प्लान किया। इसमें पंजाब के रिश्तेदारों और अन्य आरोपियों को शामिल कर बाकायदा रैकी कर योजना को 12 अगस्त तड़के 3:30 बजे अंजाम दिया। पुलिस ने हत्याकांड में हत्या व लूटकांड में शेष दो आरोपियों हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी गांव मंजीतोरा डाकघर हफीजाबाद, तहसील व जिला रूपनगर पंजाब और गुरमिंदर सिंह उर्फ गिंदु निवासी गांव फतेहगढ़ बट डाकघर शेरपुर बट, तहसील समराला जिला लुधियाना पंजाब को अमृतसर शहर से गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने पहले ही छह आरोपियों नरेंद्र सिंह निवासी गांव ठेड़ा, डाकघर लोदीमाजरा तहसील बद्दी, गुरदेव सिंह निवासी गांव निचला खेड़ा, तहसील नालागढ़, जसविंदर सिंह उर्फ गोल्डी निवासी गांव मनाना डाकघर बोलोलपुर तहसील व जिला मोहाली पंजाब, राजू सिंह निवासी गांव फतेहगढ़ डाकघर शाहपुर वाटे, तहसील समराला, जिला लुधियाना पंजाब, अमनदीप उर्फ छिंदा निवासी गांव मुबारकपुर डाकघर हंबोवाल, तहसील समराला लुधियाना पंजाब और गुरदास सिंह उर्फ पप्पू निवासी गांव मुबारकपुर डाकघर हंबोवाल तहसील समराला लुधियाना पंजाब को गिरफ्तार कर लिया था। षड्यंत्र का मुख्य आरोपी ठेडा निवासी नरेंद्र सिंह का निचला खेड़ा निवासी गुरदेव सिंह दोस्त है। उन्होंने ढाई माह से इस कांड का जाल बुना और इसमें चार लोगों को शामिल किया कर वारदात को अंजाम दिया है। एसपी के मुताबिक अमृतसर से गिरफ्तार किए हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और गुरमिंदर सिंह उर्फ गिंदु दोनों शातिर किस्म के हैं।
आठ गिरफ्तार, 4.88 लाख बरामद : एसपी
पुलिस अधीक्षक रानी बिंदु सचदेवा ने कहा कि पुलिस ने इस लूट व हत्याकांड में सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 4.88 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है जबकि और रिकवरी होना बाकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम के सराहनीय कार्य के लिए जिला पुलिस ने टीम को सम्मानित किया है।