बद्दी (सोलन)। इटालियन सेब के पौधे सूखने की जांच निर्यातक कंपनी ने शुरू कर दी है। मंगलवार को कंपनी के अधिकारी बरोटीवाला कोल्ड स्टोर पहुंचे और यहां रखे गए पौधों की जांच की। कंपनी के अधिकारियों ने इस दौरान कोल्ड स्टोर प्रबंधन पर पौधे खराब होने का ठीकरा फोड़ा है। कंपनी के अधिकारी ने कोल्ड स्टोर का तापमान ज्यादा रखने को पौधे खराब होने की मुख्य वजह बताया है। उत्तरांचल से आए कंपनी के मैनेजर ने कोल्ड स्टोर प्रबंधन पर लापरवाही का मामला भी दर्ज करवा दिया है।
इटली के अधिकृत प्रतिनिधि प्रबंधक हरकृष्ण लाल चड्ढा ने बताया कि इटली से सेब के 3 लाख 75 हजार पौधे बरोटीवाला स्थित एक कोल्ड स्टोर में रखे थे। अनुबंध के मुताबिक पौधों को 2 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखा जाना था। कोल्ड स्टोर का डिस्पले भी डिजिटल है और तापमान 1.5 -3.5 सेल्सियस दिखा रहा है। लेकिन क्रॉस चेक करने पर पता चला कि अंदर कोल्ड स्टोर का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस है। कंपनी के निदेशक ने शक जाहिर किया कि कोल्ड स्टोर यूनिट में 5 डिग्री सेल्सियस की कमी जानबूझकर बिजली बचाने के लिए की गई। इस कारण से इटली से आए अधिकांश पौधे फंगस लगने से खराब हो गए हैं। इस कारण धोखाधड़ी हुई व अनुबंध की शर्तें पूरी नहीं की गई हैं। कंपनी ने पुलिस थाना प्रभारी से आग्रह किया कि संबधित नापतोल विभाग के साथ मिलकर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि सेब के पौधे विश्व बैंक प्रोजेक्ट के कारण हिमाचल प्रदेश सरकार की उद्यान विकास परियोजना के अंतर्गत इटली से मंगवाए गए थे और सैकड़ों किसानों को वितरित किए जाने थे। तापमान से छेड़छाड़ करने से लाखों का नुकसान हुआ है जो कोल्ड स्टोर व संबधित कर्मचारियों से वसूला जाए। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी बरोटीवाला बहादुर सिंह ने बताया कि कंपनी की शिकायत आई है जिस पर कार्रवाई की जा रही है।